Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ी राहत मिली है। टीम के स्टार श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को आखिरकार NOC मिल गया है, जिससे वह अब टूर्नामेंट में खेलने के लिए उपलब्ध हो गए हैं। यह खबर KKR के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि टीम लगातार अपनी गेंदबाजी कमजोरियों से जूझ रही थी।

फिटनेस क्लियर, IPL खेलने की मंजूरी

मथीशा पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से NOC तब मिला, जब उन्होंने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया। पथिराना हाल ही में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके बाद वह लंबे समय से मैदान से बाहर थे। अब उनकी वापसी से KKR की गेंदबाजी में नई जान आने की उम्मीद है।

CSK के खिलाफ हो सकता है डेब्यू

दिलचस्प बात यह है कि पथिराना अपना KKR डेब्यू अपनी पूर्व टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ कर सकते हैं। 14 अप्रैल को चेपॉक में होने वाले इस मुकाबले में उनकी एंट्री तय मानी जा रही है। ऐसे में यह मुकाबला और भी खास बन सकता है, जहां पथिराना अपने पुराने साथियों के सामने चुनौती पेश करेंगे।

KKR की गेंदबाजी रही कमजोर

कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन में खासकर डेथ ओवर्स में कमजोर नजर आई है। हर्षित राणा के बाहर होने और मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज होने के बाद टीम का पेस अटैक कमजोर पड़ा। इसके अलावा कुछ गेंदबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए, जिससे टीम को नुकसान उठाना पड़ा।

CSK के लिए पथिराना का रिकॉर्ड

मथीशा पथिराना ने IPL में 2022 में डेब्यू किया था और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 सीजन में 47 विकेट लिए, जिसमें उनका औसत 21.61 रहा। उनकी यॉर्कर और डेथ ओवर गेंदबाजी उन्हें खास बनाती है।

KKR की पूरी टीम (स्क्वॉड)

कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम में फिन एलन, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, रमणदीप सिंह, अनुकूल रॉय, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, ब्लेसिंग मुजरबानी, मनीष पांडे, तेजस्वी दहिया, सौरभ दुबे, सुनील नरेन, राहुल त्रिपाठी, टिम सिफर्ट, सार्थक रंजन, रचिन रविंद्र, प्रशांत सोलंकी, वरुण चक्रवर्ती, मथीशा पथिराना, उमरान मलिक और दक्ष कामरा शामिल हैं।