स्पोर्ट्स डेस्क : स्पिनर नूर अहमद की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हरा दिया जो पांच मैचों में उसकी चौथी हार है । संजू सैमसन (32 गेंद में 48 रन) और आयुष म्हात्रे (17 गेंद में 38 रन) ने पावरप्ले में चेन्नई को दो विकेट पर 72 रन तक पहुंचा दिया था जिसकी मदद से टीम ने पांच विकेट पर 192 रन बनाये ।
वहीं केकेआर जवाब में 20 ओवर में सात विकेट पर 160 रन ही बना सके। अफगानिस्तान के स्पिनर नूर ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिये । उन्होंने केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे (22 गेंद में 28), रिंकू सिंह (छह) और कैमरन ग्रीन (0) को आउट किया । केकेआर का स्कोर एक समय दो विकेट पर 79 रन था जो छह विकेट पर 90 रन हो गया । बायें हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया । रहाणे और अंगकृष रघुवंशी (19 गेंद में 27) ने तीसरे विकेट के लिये पांच ओवर में 50 रन की साझेदारी की ।
दसवें ओवर में रघुवंशी के आउट होने के बाद केकेआर की ओर से कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी । शाहरूख खान की टीम ने पहले पांच मैचों में यह चौथी हार है । वहीं चेन्नई लगातार दो मैच जीतकर अपने अभियान को ढर्रे पर लाती दिख रही है । केकेआर के लिये रोवमैन पॉवेल 22 गेंद में 31 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि रमनदीप सिंह ने 23 गेंद में 35 रन बनाये लेकिन तब तक मैच उनकी टीम की जद से बाहर निकल चुका था । इससे पहले केकेआर के गेंदबाजों ने चेन्नई को 200 रन तक नहीं पहुंचने दिया ।
आफ स्पिनर सुनील नारायण, बायें हाथ के धीमे गेंदबाज अनुकूल रॉय और वरूण चक्रवर्ती ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए पावरप्ले के बाद दस ओवर में सिर्फ 68 रन दिये । नारायण ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया जबकि अनुकूल ने तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट चटकाया ।वरूण ने तीन ओवर में 26 रन दिये । पावरप्ले के बाद 14 ओवरों में चेन्नई की टीम 120 रन ही बना सकी । कार्तिक त्यागी ने चार ओवरों में 35 रन देकर दो विकेट लिये । उन्होंने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया ।
डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंद में 41 रन बनाये जबकि सरफराज खान ने 18 गेंद में 23 रन का योगदान दिया । चेन्नई की टीम हालांकि इस पिच पर अच्छे स्कोर से 20 रन पीछे रह गई । शुरूआत में सैमसन ने तीन चौके लगाकर अपने तेवर जाहिर किये जिनमें पहले ही ओवर में वैभव अरोड़ा को शानदार चौका शामिल है । टी20 विश्व कप विजेता कप्तान म्हात्रे ने कैमरन ग्रीन को लगातार दो छक्के लगाये । उन्होंने कपिल देव की तरह 'नटराज शॉट' स्क्वेयर लेग के पीछे लगाया और मिडविकेट के ऊपर से गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाया । सैमसन ने त्यागी को स्ट्रेट में छक्का लगाया जबकि गेंदबाज ने 148 . 1 की रफ्तार से आफ कटर पर उन्हें बोल्ड कर दिया ।
प्लेइंग XI
चेन्नई सुपर किंग्स : संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, सरफराज खान, जेमी ओवरटन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, खलील अहमद, गुरजापनीत सिंह
कोलकाता नाइट राइडर्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी