स्पोर्ट्स डेस्क : जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन के बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारत के लिए चोट की एक और चिंता सामने आ सकती है। मीडिया रिपोर्ट में ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर की उपलब्धता पर सवाल उठाए गए हैं, जिन्हें दौरे के दूसरे टेस्ट के लिए ही चुना गया था। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की एक रिपोर्ट के अनुसार सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) और भारतीय टीम मैनेजमेंट सुंदर की हैमस्ट्रिंग चोट को लेकर सावधानी बरत रहे हैं। भारतीय टीम कई खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है और बेंगलुरु स्थित इस सुविधा केंद्र (CoE) की आलोचना भी हो रही है। सुंदर को कार्डिफ में दूसरे वनडे के दौरान चोट लगी थी और तब से वह CoE में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं।
BCCI के एक सूत्र ने टीओआई को बताया, 'इस समय वॉशिंगटन के श्रीलंका जाने की संभावना बहुत कम है। टीम मैनेजमेंट से उसी हिसाब से योजना बनाने को कहा गया है। BCCI की मेडिकल टीम उन्हें टेस्ट मैच में उतारने को लेकर सतर्क है। ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं जिनमें खिलाड़ी चोट से उबरने के तुरंत बाद फिर से चोटिल हो गए हैं।' सूत्र ने आगे कहा, 'वॉशिंगटन को सिर्फ दूसरे टेस्ट के लिए चुना गया था, यह जानते हुए कि उनकी पूरी फिटनेस हासिल करना मुश्किल हो सकता है। पिछले महीने इंग्लैंड में चोट लगने के बाद से उन्होंने ज्यादा मैच नहीं खेले हैं। उनके वर्कलोड को सावधानी से बढ़ाया जा रहा है।'
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर सुंदर बाहर होते हैं, तो चयनकर्ताओं द्वारा किसी रिप्लेसमेंट (विकल्प) के नाम की घोषणा करने की संभावना कम है। अगर वह टीम में शामिल होने के लिए काफी फिट होते हैं, तो यह ऑलराउंडर टीम का 16वां सदस्य बना रह सकता है, लेकिन मैनेजमेंट पहले यह देखेगा कि बिना किसी मैच प्रैक्टिस के उन्हें श्रीलंका भेजना सही रहेगा या नहीं।
सूत्र ने कहा, 'अगर वॉशिंगटन टीम के साथ जुड़ते हैं तो वह 16वें सदस्य होंगे। यह देखना होगा कि बिना किसी गेम टाइम के उन्हें टेस्ट मैच के लिए भेजना सही रहेगा या नहीं। अगले हफ्ते पूरी जांच की जाएगी जिसमें यह भी देखा जाएगा कि श्रीलंका में टीम की स्थिति क्या है।'