Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत के अभय सिंह और वेलवन सेंथिलकुमार की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मलेशिया के सारावाक में आयोजित एशियाई युगल स्क्वाश चैंपियनशिप में इतिहास रच दिया। भारतीय जोड़ी ने पुरुष युगल का खिताब लगातार तीसरी बार अपने नाम कर महाद्वीपीय स्तर पर अपना दबदबा कायम रखा।

पाकिस्तान के खिलाफ शानदार वापसी

फाइनल मुकाबले में भारत की जोड़ी ने एक गेम गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी की। अभय और वेलवन ने पाकिस्तान की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी नासिर इकबाल और नूर जमां को 47 मिनट में 7-11, 11-7, 11-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया। पिछले साल भी भारतीय जोड़ी ने फाइनल में इसी पाकिस्तानी जोड़ी को मात दी थी।

भारत की झोली में आए तीन पदक

पुरुष युगल में स्वर्ण पदक जीतने के अलावा भारत ने दो कांस्य पदक भी हासिल किए। अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और रथीका सीलन की महिला युगल जोड़ी सेमीफाइनल तक पहुंचकर कांस्य पदक जीतने में सफल रही। वहीं, मिश्रित युगल में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने भी कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत की दूसरी महिला युगल जोड़ी जेनेट विधि और पूजा आरती छठे स्थान पर रही।