Sports

नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच भारत के लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है क्योंकि यह भारत का 600वां टेस्ट मैच है। भारत अब सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाली तीसरी टीम है। पहले नम्बर पर इंग्लैंड है जिसने 1097 टेस्ट खेले हैं। वहीं दूसरे स्थान पर 883 टेस्ट के साथ ऑस्ट्रेलिया है। 

सबसे ज्यादा पुरुषों के टेस्ट मैच खेलने वाली टीमें 

1097 - इंग्लैंड
883 - ऑस्ट्रेलिया
600* - भारत
596 - वेस्ट इंडीज़
487 - न्यूजीलैंड 

भारत ने शुभमन गिल की कप्तानी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। भारतीय टीम में 5 बॉलर हैं जिसमें दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर शामिल हैं। श्रीलंका भी इसी रणनीति के साथ मैदान में उतर रहा है जिसमें दो तेज गेंदबाज, दो स्पिनर और दो ऑल-राउंडर हैं। वहीं श्रीलंका की तरफ से केशरा नुवानथा डेब्यू कर रहे हैं जिन्होंने केएल राहुल, शुबमन गिल और ऋषभ पंत को आउट किया था। 

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद कहा, हम पहले बैटिंग करेंगे, विकेट अच्छा लग रहा है और मौसम भी बढ़िया है, इसलिए उम्मीद है कि हमारे लिए क्रिकेट का यह दिन अच्छा रहेगा। हमने उसी प्लेइंग XI को चुना है जो पिछले मैच में खेली थी। हमारे पास 5 बॉलर हैं - दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर। अपने देश की कप्तानी करने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है, और इस मौके पर तो यह और भी खास है। यह हमारे लिए आजादी का दिन है और हमारा 600वां टेस्ट मैच भी है, इसलिए हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।' 

श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने कहा, 'हां, पिच अच्छी लग रही है। मैं भी बैटिंग करना चाहता था। यह काफी सूखी भी है। पथम निसंका की जगह निशान मदुष्का आए हैं, निरोशन डिकवेला विकेटकीपिंग करेंगे और केशरा आज डेब्यू करेंगे। दो तेज गेंदबाज, दो स्पिनर और दो ऑल-राउंडर हैं, जिनमें मैं और सोनल दिनुशा शामिल हैं। (गाले में 50वां टेस्ट मैच) इस टेस्ट मैच का हिस्सा बनना... यह एक शानदार मैदान है, और हां, मैं यह मैच खेलने के लिए बहुत खुश हूं।' 

प्लेइंग XI 

भारत : यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुबमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा

श्रीलंका : लाहिरू उदारा, निशान मदुष्का, दिनेश चंडीमल, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो