Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला रविवार (19 जुलाई) को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है, ऐसे में दोनों टीमों की नजरें जीत के साथ ट्रॉफी अपने नाम करने पर होंगी। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा निगाहें अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा पर रहेंगी, जो शुरुआती दो मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं।

रोहित शर्मा पर होंगी सबकी निगाहें

हाल के दिनों में रोहित शर्मा के भविष्य और वनडे करियर को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गईं, लेकिन बीसीसीआई साफ कर चुका है कि लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं है। इसके बावजूद 39 वर्षीय रोहित खराब फॉर्म के बाद आलोचकों को जवाब देने के इरादे से उतरेंगे।

कार्डिफ की मुश्किल पिच पर रोहित 9 डॉट गेंदें खेलने के बाद आउट हो गए थे। हालांकि लॉर्ड्स की बल्लेबाजी के लिए बेहतर मानी जाने वाली पिच पर उनसे बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। पावरप्ले में उन्हें एक बार फिर जोफ्रा आर्चर की तेज गेंदबाजी का सामना करना होगा।

गिल और कोहली से भी बड़ी उम्मीदें

कप्तान शुभमन गिल भी पिछले मैच की निराशा को पीछे छोड़कर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। वहीं विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं। दूसरे वनडे में वह शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने उन्हें आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। तीसरे वनडे में टीम इंडिया को एक बार फिर कोहली से बड़ी पारी की उम्मीद होगी।

मध्यक्रम और स्पिन विभाग पर भी नजर

दूसरे वनडे में ईशान किशन शॉर्ट गेंद पर जल्दी आउट हो गए थे, जिससे भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी भी उजागर हुई। हालांकि श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलकर मध्यक्रम को संभाला।

गेंदबाजी में चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है। रविंद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में अक्षर पटेल ने ऑलराउंडर की भूमिका अच्छी तरह निभाई है।

जो रूट सबसे बड़ा खतरा

इंग्लैंड के लिए अनुभवी बल्लेबाज जो रूट लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों की कोशिश उन्हें जल्द आउट करने की होगी। बाकी इंग्लिश बल्लेबाज अब तक ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, लेकिन घरेलू परिस्थितियों में वे किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं।

टीमें

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव।

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर, टॉम बैंटन, जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डॉसन, सैम करेन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग, साकिब महमूद, आदिल राशिद।

मैच का समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे।