बेंगलुरु : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान ने रजत पाटीदार (Rajat Patidar) धमाकेदार बल्लेबाज और टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की जमकर तारीफ की। कोहली की नाबाद 69 रनों की पारी की बदौलत टीम ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम (M. Chinnaswamy Stadium) में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने IPL में अपना 64वां अर्धशतक पूरा किया और IPL के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए 4000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। उनकी इस पारी की मदद से RCB ने 202 रनों का लक्ष्य 26 गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया।
मैच के बाद पाटीदार ने कहा, 'जैसा कि हम सब जानते हैं, विराट कोहली हमारे नंबर एक 'चेज मास्टर' हैं। मैं हमेशा से उनकी बल्लेबाजी का कायल रहा हूं। डगआउट से उनकी बल्लेबाजी देखना जिस तरह से उन्होंने खेला, जिस तरह से उन्होंने अपने शॉट्स लगाए, और जिस तरह से उन्होंने मैच की स्थिति को समझा, यह सब देखना हमेशा ही बहुत शानदार अनुभव रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि वह इस समय अपने करियर के शिखर पर हैं, और उनकी इस पारी का वर्णन करने के लिए मेरे पास शब्द ही नहीं हैं। वह मेरे आदर्श हैं। मैंने उन्हें नेट्स में भी उसी ऊर्जा और उसी जुनून के साथ अभ्यास करते देखा है- वही जोश, वही खेल पर हावी होने और बेहतरीन प्रदर्शन करने की वही ललक। मुझे लगता है कि यह सब देखना बहुत ही खूबसूरत था, और मैं उन्हें देखकर बहुत कुछ सीख रहा हूं।'
पाटीदार ने यह भी बताया कि उन्होंने जैकब डफी जो उस समय बेहतरीन लय में दिख रहे थे, लगातार चौथा ओवर देने का फैसला क्यों किया। उन्होंने कहा, 'यह पहले से तय नहीं था, मैंने तीसरा ओवर खत्म होने के बाद यह फैसला लिया। क्लासेन और ईशान किशन पहले से ही क्रीज पर मौजूद थे। मुझे लगा कि अगर हम इस समय एक और विकेट चटका लेते हैं, तो हम उनकी पूरी बल्लेबाजी क्रम को ही ध्वस्त कर देंगे। इसीलिए मैंने उन्हें चौथा ओवर दिया और उन्होंने वाकई में बहुत ही शानदार गेंदबाजी की।'
उन्होंने कहा, 'वह T20 क्रिकेट के एक विशेषज्ञ गेंदबाज हैं और हमें उन पर पूरा भरोसा है। इसीलिए हमने उन्हें मौका दिया है, लेकिन जैसा कि हम सभी जानते हैं, वह एक स्पेशलिस्ट बॉलर हैं और जिस तरह से वह गेंदबाजी कर रहे हैं, जिस तरह से वह अपना कौशल दिखा रहे हैं, मुझे लगता है कि वह जबरदस्त है।' डफी ने चार ओवरों में सिर्फ 22 रन दिए और पावरप्ले में टीम के लिए तीन अहम विकेट लिए।