Sports

मुल्लांपुर : गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के जरिए IPL में पदार्पण करने वाले पंजाब किंग्स के बल्लेबाज कूपर कोनोली ने कहा कि मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने उन्हें आक्रामक खेलने की सलाह दी थी जबकि वह कप्तान श्रेयस अय्यर से भी सीखने को बेताब हैं। कोनोली ने 44 गेंद में नाबाद 72 रन बनाकर पंजाब को जीत दिलाई। 

कोनोली ने जियोस्टार से कहा, 'मैं सुबह उठा तो नर्वस था जिससे मुझे खुशी भी हुई। मुझे अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का इंतजार था। रिकी पोंटिंग ने मुझसे शांतचित्त होकर खेलने को कहा। उन्होंने मुझसे आक्रामक बल्लेबाजी के लिए कहा। यह शानदार टीम प्रयास था। हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी जिससे चीजें आसान हो गई।' कोनोली ने कहा, 'मैं श्रेयस अय्यर के साथ बल्लेबाजी करके सीखना चाहता था। वह विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं। मैने ऑस्ट्रेलिया ए और आस्ट्रेलिया के लिए उनके खिलाफ खेला है। मैं उनसे अधिक से अधिक सीखने की कोशिश करूंगा।' 

आस्ट्रेलिया के 22 साल के इस बल्लेबाज ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ी शॉन मार्श उनके आदर्श हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा चयन हुआ तो वह बहुत सुखद पल था। शॉन मार्श से मैने सबसे पहले बात की और उन्होंने मुझे सलाह दी। मैने वेस्टर्न आस्ट्रेलिया में उनके साथ काफी खेला है और वह मेरे मेंटोर तथा आदर्श हैं।'