Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर आमने-सामने होंगी। मुकाबले से पहले दोनों टीमों की कप्तान हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना मीडिया से रूबरू हुईं। इस दौरान क्रिकेट से इतर संभावित हैंडशेक विवाद को लेकर भी सवाल पूछा गया।

हरमनप्रीत ने दिया साफ और सीधा जवाब

जब भारतीय कप्तान से पूछा गया कि क्या पुरुष एशिया कप में देखने को मिले हैंडशेक विवाद जैसी कोई स्थिति बन सकती है, तो उन्होंने इस मुद्दे को पूरी तरह खारिज कर दिया। हरमनप्रीत ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है और वह किसी अन्य विषय पर सोचती भी नहीं हैं।

हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'हम यहां क्रिकेट खेलने आए हैं और सिर्फ क्रिकेट की ही बात करते हैं। क्रिकेट के अलावा हम किसी और चीज के बारे में नहीं सोचते। बचपन से हमारा सपना क्रिकेट खेलना रहा है और हमारी सारी चर्चा उसी के इर्द-गिर्द होती है। कल के मैच को भी हम एक सामान्य मुकाबले की तरह ही देख रहे हैं।'

पाकिस्तान के खिलाफ दबाव को लेकर भी खुलकर बोलीं कप्तान

भारतीय कप्तान ने माना कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दबाव हमेशा रहता है, लेकिन खिलाड़ियों को उस दबाव का आनंद लेना सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हर मुकाबले में दबाव होता है और सफलता उसी टीम को मिलती है जो उसे सकारात्मक तरीके से संभालती है।

हरमनप्रीत ने आगे कहा, 'पाकिस्तान के खिलाफ मैच में दबाव जरूर होता है और मैंने पहले भी यह बात मानी है। लेकिन असली बात यह है कि हम उस दबाव का आनंद कैसे लेते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हर मैच दबाव लेकर आता है। जरूरी है कि हम अपना 100 प्रतिशत दें और हर पल का आनंद उठाएं।'

पाकिस्तान के खिलाफ शानदार रहा है हरमनप्रीत का रिकॉर्ड

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। भारतीय कप्तान ने अब तक 15 टी20 मुकाबलों में पाकिस्तान के खिलाफ 194 रन बनाए हैं। इस सूची में उनसे आगे सिर्फ मिताली राज और स्मृति मंधाना हैं।

मिताली राज को पीछे छोड़ने के करीब

हरमनप्रीत पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20I रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। एजबेस्टन में होने वाले मुकाबले में उनके पास मिताली राज को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका होगा।