Sports

खेल डैस्क : 2025 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन ने 25 या उससे कम गेंदों में 50 रन बनाने का कारनामा 5वीं बार किया, जो एकल सीजन में सबसे अधिक है। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने एलएसजी को कई मौकों पर तेज शुरुआत दी। 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के ट्रैविस हेड और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के रजत पाटीदार ने 4-4 बार यह उपलब्धि हासिल की। हेड ने 287/3 जैसे विशाल स्कोर में योगदान दिया, जबकि पाटीदार की आक्रामक पारियों ने आरसीबी को प्लेऑफ तक पहुंचाया। पूरन की 2025 की उपलब्धि (511 रन) टी20 क्रिकेट में बढ़ती आक्रामकता और पावर-हिटिंग को दर्शाती है। 

इसी तरह एकल सीजन में लखनऊ के लिए सर्वाधिक छक्के मारने का रिकॉर्ड भी निकोलस पूरन के नाम हो गया है। उन्होंने इस सीजन में 39 छक्के लगा दिए हैं। पूरन ने 2024 में भी 36 छक्कों के साथ अपनी आक्रामक शैली का प्रदर्शन किया था, जो इस सूची में दूसरे स्थान पर है। 2025 सीजन में ही मिशेल मार्श भी 31 छक्के लगा चुके हैं। जबकि इस लिस्ट में केएल राहुल चौथे स्थान पर हैं जिन्होंने 2022 में 30 छक्के लगाए थे। इस सीजन में पूरन ने जहां 13 मैचों में 511 रन बनाए हैं तो वहीं, मिशेल मार्श अब तक 560 रन बना चुके हैं।

लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। वह 12 मैचों में 7 हार के कारण इस रेस से बाहर है। लेकिन लीग के अपने 13वें मुकाबले में उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। इस खेल का श्रेय लखनऊ की ओपनिंग जोड़ी मिशेल मार्श और ऐडन मारक्रम के अलावा निकोल्स पूरन को जाता है। मारक्रम ने जहां 36 रन बनाए तो वहीं, मार्श ने 64 गेंदों पर 117 रन बनाए। यह आईपीएल में उनका पहला शतक भी है। इसके बाद पूरन ने 27 गेंदों पर 56 रन बनाकर स्कोर 235 तक पहुंचा दिया।