Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम के नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की स्क्वॉड में वापसी हुई है। दोनों खिलाड़ियों को दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था, लेकिन अब वह एक बार फिर इंग्लैंड की टीम का हिस्सा होंगे।

जांच में मिली क्लीन चिट

हाल ही में दोनों खिलाड़ी एक नाइटक्लब विवाद के चलते जांच के दायरे में आ गए थे। सोमवार को अनुशासनात्मक जांच पूरी होने के बाद ECB ने साफ किया कि हिंसक घटना के लिए दोनों खिलाड़ियों को जिम्मेदार नहीं पाया गया। बोर्ड के अनुसार, बेन स्टोक्स इस घटना में शामिल नहीं थे, जबकि गस एटकिंसन पर बिना किसी उकसावे के हमला हुआ था और उन्होंने किसी तरह की जवाबी हिंसा नहीं की।

फिर भी मिली चेतावनी

हालांकि, ECB ने दोनों खिलाड़ियों को टीम के आचार संहिता और अनुबंध की कुछ शर्तों का उल्लंघन करने का दोषी माना। इसी वजह से उन्हें दूसरे टेस्ट से बाहर रखा गया था और अब आधिकारिक लिखित चेतावनी भी दी गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि यही उनकी अंतिम सजा होगी और अब दोनों खिलाड़ी टीम के साथ जुड़ सकते हैं।

टीम में हुए बड़े बदलाव

दूसरे टेस्ट में मिली हार के बाद इंग्लैंड ने टीम में कुछ बदलाव भी किए हैं। युवा खिलाड़ी जेम्स रियू और सॉनी बेकर को अंतिम टेस्ट के लिए बाहर कर दिया गया है। वहीं सीम गेंदबाजी विकल्प के तौर पर शामिल हेनरी क्रोकॉम्बे भी स्क्वॉड में जगह नहीं बना सके। दूसरी ओर विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ पितृत्व अवकाश के बाद टीम में लौट आए हैं और उनके प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना है।

इंग्लैंड की टीम (तीसरा टेस्ट)

बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ, जोश टंग।