Sports

सेंचुरियन :सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेले गए दूसरे टी 20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को छह विकेट से हरा दिया। दक्षिण अफ्रीका के सामने जीत के लिए 189 रनों का लक्ष्य था। जिसे टीम ने चार विकेट खोकर 8 गेंद पहले हासिल कर लिया। इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। इस मैच के दौरान एक मौका ऐसा भी आया जब धोनी ने पांडे पर अपना आपा खो दिया। आमतौर पर मैदान पर शांत रहने वाले धोनी का यह रूप काफी हैरान करने वाला था।जिसपर शायद ही कोई भारतीय फैन यकीन कर पाए।

किस वजह से खो बैठे अपना अापा ?


यह अवसर भारतीय पारी के आखिरी ओवर में हुआ जब धोनी बल्लेबाजी कर रहे थे। पहली गेंद के बाद धोनी को पांडे पर चिल्लाते हुए देखा गया। धोनी पांडे से कह रहे थे, कि वह कहीं और नहीं उनकी ओर देखें। इसकी अगली ही गेंद पर धोनी ने छक्का लगाकर गेंद पर अपना गुस्सा निकाला। हार के अलावा भारत के लिए इस मुकाबले से एक अच्छी खबर ये आई कि पूर्व कप्तान एमएस धोनी एक बार फिर से अपने पुराने रंग में दिखे और महज़ 28 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाकर 52 रनों के साथ नाबाद रहे।

धोनी और पांडे के बीच चौथे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी हुई। इसकी बदौलत भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 188 रनों का स्कोर खड़ा किया। हालांकि यह स्कोर भी दक्षिण अफ्रीका के लिए काफी नहीं था और उसने 18.4 ओवर में यह लक्ष्य हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन का बड़ा योगदान रहा जिन्होंने 30 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली। इसके साथ ही तीन मैचों की टी-20 सीरीज अब 1-1 से बराबर हो गई है। सीरीज का आखिरी मैच 24 फरवरी को केप टाउन में खेला जाएगा।