Sports

लंदन : इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने गुरुवार को घोषणा की कि ओवल में 9 से 13 जून तक 2027 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला जाएगा। इंग्लैंड ने पिछले साल अगले तीन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2027, 2029 और 2031 की मेजबानी के अधिकार हासिल किए थे और हर एडिशन के लिए वेन्यू चुनने की जिम्मेदारी घरेलू बोर्ड ECB की है।

अब तक के तीनों WTC फाइनल यूनाइटेड किंगडम में ही खेले गए हैं। यह दूसरी बार होगा जब ओवल WTC फाइनल की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2023 में भी यहां फाइनल हुआ था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर ट्रॉफी जीती थी। एक साल से भी कम समय बचा है और मौजूदा WTC साइकल अपने अहम दौर में पहुंच रहा है जिसमें 9 टीमें अभी भी फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में हैं। 

ऑस्ट्रेलिया (87.50 पॉइंट प्रतिशत) अपने आठ में से सात टेस्ट जीतकर स्टैंडिंग में सबसे ऊपर है, उसके बाद मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका (75%) है। न्यूजीलैंड (72.22%) प्रोटियाज (दक्षिण अफ्रीका) के काफी करीब है जबकि बांग्लादेश (58.33%) मई में पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीतने के बाद मजबूती से दौड़ में शामिल हो गया है। 

दो बार फाइनल खेल चुका भारत अपने नौ में से चार टेस्ट जीतकर 48.15% पॉइंट प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है, जो श्रीलंका (41.67%) से थोड़ा ही आगे है। इंग्लैंड (24.36%), वेस्टइंडीज (15%) और पाकिस्तान (8.33%) को ओवल में होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए काफी सुधार करने की जरूरत है।

जुलाई और अगस्त में फाइनल की दौड़ तेजी पकड़ेगी, क्योंकि कई अहम सीरीज स्टैंडिंग को तय करेंगी। वेस्टइंडीज 25 जुलाई से पाकिस्तान के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज की मेजबानी करके इसकी शुरुआत करेगा और दोनों टीमें अहम पॉइंट हासिल करने के लिए बेताब हैं। इस बीच ऑस्ट्रेलिया 13 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश की मेजबानी करेगा और टॉप पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगा।

इसके बाद सबकी नजरें एशिया पर होंगी, जहां श्रीलंका और भारत 15 अगस्त से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेंगे जबकि पाकिस्तान अगस्त और सितंबर में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इंग्लैंड का दौरा करेगा। WTC के पहले तीन सीजन में हर बार अलग-अलग विजेता रहे हैं। न्यूजीलैंड ने 2021 में पहला खिताब जीता, ऑस्ट्रेलिया ने 2023 में जीत अपने नाम की और दक्षिण अफ्रीका ने 2025 में यादगार जीत के साथ किसी बड़े ICC ट्रॉफी के लिए अपना लंबा इंतजार खत्म किया।