Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : बाबर आजम ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में खेलते हुए टी20 क्रिकेट बड़ा मुकाम हासिल करते हुए विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। पेशावर जाल्मी के कप्तान बाबर ने बुधवार को नेशनल बैंक स्टेडियम में PSL 11 के 23वें मैच में क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलकर फिर अपनी क्लास दिखाई। बाबर ने 51 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए जिससे जाल्मी ने अपने पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों पर 8 विकेट से आसान जीत हासिल की। ​​यह पारी न केवल मैच के नतीजे के लिए महत्वपूर्ण थी, बल्कि इस इनिंग से वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100वें अर्धशतक भी करने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। 

इससे पहले टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 100 अर्धशतक का रिकॉर्ड कोहली के नाम था जिन्होंने 401 इनिंग्स में यह रिकॉर्ड बनाया था। लेकिन बाबर ने महज 341 इनिंग्स में ही टी20 में 100 अर्धशतक पूरे कर लिए हैं। डेविड वॉर्नर इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने 100 टी20 अर्धशतक बनाने के लिए 435 पारियां खेली। वहीं चौथे स्थान पर जोस बटलर हैं जिन्होंने इस मुकाम को हासिल करने के लिए 468 इनिंग्स खेली हैं। 

T20 क्रिकेट में सबसे तेज से 100 अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ी 

बाबर आजम – 341 इनिंग्स
विराट कोहली – 401 इनिंग्स
डेविड वॉर्नर – 435 इनिंग्स
जोस बटलर – 468 इनिंग्स

यह उपलब्धि बाबर के PSL इतिहास में 4000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले खिलाड़ी बनने के ठीक बाद आई है, जो उनकी मौजूदा शानदार फॉर्म को रेखांकित करता है। हाल के दिनों में इस फॉर्मेट में उनका रन रेट कई लोगों के लिए चिंता का विषय रहा है, लेकिन उनका रिकॉर्ड बनने का सिलसिला जारी है, और वह शीर्ष क्रम पर अपनी निरंतरता और नियंत्रण के साथ नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।