Sports

नई दिल्ली : अर्शदीप सिंह का IPL 2026 अब तक साधारण रहा है। पंजाब किंग्स (PBKS) जब जीत रही थी, तब भी वह अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे और जब टीम लगातार हार रही थी, तब भी हालात अलग नहीं थे। शनिवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ पंजाब ने आखिरकार 6 मैचों की हार का सिलसिला तोड़ा, लेकिन अर्शदीप फिर महंगे साबित हुए। 

अंबाती रायुडू ने उनकी लेंथ को समस्या बताया, जबकि मार्क बाउचर ने थकान को खराब प्रदर्शन को वजह माना। LSG ने शनिवार को 9.80 की रन रेट से बल्लेबाजी की। वहीं अर्शदीप ने 17.33 की इकॉनमी से रन दिए और उन्हें आखिरी ओवर भी नहीं मिला। रायुडू ने टाइमआउट शो में कहा, 'मुझे लगता है कि उनकी लेंथ सबसे बड़ी समस्या है। वह ऐसे गेंदबाज नहीं हैं जिन्हें बहुत ज्यादा शॉर्ट गेंदें फेंकनी चाहिए। डेथ ओवरों में भी उन्हें यॉकर्र डालनी चाहिए। नई गेंद से भी जब उन्होंने फुल गेंदें डालीं। पहली गेंद को छोड़ दें, जो कवर के जरिए चौके के लिए गई, तो उनकी फुल लेंथ गेंदों पर उतने रन नहीं पड़े जितने शॉर्ट ऑफ लेंथ या शॉर्ट गेंदों पर पड़े।' 

उन्होंने कहा, 'अर्शदीप को इस बात का ध्यान रखना होगा क्योंकि फिलहाल उनकी शॉर्ट गेंद में पहले जैसी धार नहीं दिख रही। शायद शरीर थका हुआ है या कुछ महीने पहले जैसी ऊर्जा नहीं बची। लेकिन इसकी भरपाई उन्हें फुल गेंदबाजी करके करनी होगी।' 

दिलचस्प बात यह है कि IPL 2025 की तुलना में इस सीजन अर्शदीप को फुल या गुड लेंथ गेंदों पर कम सफलता मिली है। पिछले साल ऐसी गेंदों पर उनके नाम 10 विकेट थे। साथ ही इस दौरान इकॉनमी 8.45 और औसत 24.5 था। इस सीजन उनके नाम सिर्फ सात विकेट हैं और उन्होंने 9.91 की इकॉनमी और 35.14 की औसत से गेंदबाजी की है। शनिवार को हालांकि उनकी लगभग हर तरह की गेंद पर रन पड़े। रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने 18 में से 12 गेंदें फुल या लेंथ पर डालीं, जबकि सिर्फ छह गेंदें शॉर्ट या शॉर्ट ऑफ गुड लेंथ थीं। 

फिर भी रायुडू की बात सही लगती है क्योंकि अर्शदीप हमेशा तब ज़्यादा खतरनाक दिखे हैं जब उन्होंने गेंद को ऊपर रखा और हवा में स्विंग हासिल की। अर्शदीप इस साल टी20 विश्व कप में जसप्रीत बुमराह के बाद भारत के दूसरे प्रमुख तेज गेंदबाज थे। उन्होंने टूर्नामेंट में आठ मैचों में 9 विकेट लिए थे और भारत के खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी इकॉनमी 8.46 रही थी। लेकिन इस IPL सीजन में उनके आंकड़े काफी फीके रहे हैं। 14 मैचों में उनके नाम सिर्फ 14 विकेट हैं और इकॉनमी 10.20 की रही है। वह इस सीजन 500 से ज़्यादा रन खर्च करने वाले सिर्फ दो गेंदबाजों में शामिल हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अंशुल कम्बोज ने भी 500 से ज्यादा रन ख़र्च किए हैं। उनके नाम 21 विकेट भी हैं। 

बाउचर ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह सिर्फ थकान की वजह से है। टी20 विश्व कप के बाद तुरंत IPL खेलना पड़ा और लगातार क्रिकेट का असर दिख रहा है। इसका उनकी स्किल या टैलेंट से कोई लेना देना नहीं है। किसी ना किसी समय थकान खिलाड़ियों पर असर डालती ही है, यह स्वाभाविक है। वह शायद थोड़ा थके हुए हैं। लेकिन एक बात यह है कि उन्हें पता है कि उन्हें खेलना ही है। वह ऐसे विदेशी खिलाड़ी नहीं हैं जिन्हें आराम दिया जा सके। उन्हें हर मैच खेलना पड़ता है। शायद यही वजह है कि उन्हें अपनी स्किल पर भरोसा रखना चाहिए। मुझे लगता है कि वह नई गेंद से दोनों तरफ स्विंग कराने की बहुत ज़्यादा कोशिश कर रहे हैं।' 

बाउचर ने कहा, अगर पंजाब को आगे एक और मैच खेलने का मौका मिलता है तो अर्शदीप टीम में जरूर होंगे। अब यह बाकी नतीजों पर निर्भर करेगा। अगर उन्हें मौका मिला, तो उनके पास इस खराब सीजन की भरपाई करने का एक और अवसर होगा।