Sports

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के सबसे शांत और भरोसेमंद कप्तानों में शामिल अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के साथ अपने पीछे एक ऐसा रिकॉर्ड छोड़ दिया है, जिसे भारत के दिग्गज कप्तान विराट कोहली, एमएस धोनी और रोहित शर्मा भी नहीं बना सके। रहाणे ने टेस्ट और वनडे कप्तानी में एक भी मुकाबला गंवाए बिना अपना करियर खत्म किया।

टेस्ट कप्तानी में नहीं मिली एक भी हार

अजिंक्य रहाणे ने भारत की कप्तानी 6 टेस्ट मैचों में की। इस दौरान टीम इंडिया ने 4 मुकाबले जीते, जबकि 2 मैच ड्रॉ रहे। सबसे खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को एक भी टेस्ट मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा। कम से कम पांच टेस्ट में भारत की कप्तानी करने वाले कप्तानों में रहाणे का जीत प्रतिशत सबसे बेहतर है।

गाबा विजय ने बनाया इतिहास

रहाणे के कप्तानी करियर का सबसे यादगार पल 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रही। एडिलेड टेस्ट में 36 रन पर ऑलआउट होने और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद रहाणे ने टीम की कमान संभाली। उनकी कप्तानी में भारत ने मेलबर्न टेस्ट जीतकर शानदार वापसी की, सिडनी टेस्ट ड्रॉ कराया और फिर गाबा में ऑस्ट्रेलिया को हराकर 2-1 से ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज की। यह जीत भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिनी जाती है।

वनडे कप्तानी में भी अजेय रहे रहाणे

रहाणे ने भारत की कप्तानी 3 वनडे मैचों में की और तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की। ये तीनों मैच जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए थे।हालांकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने दो मैचों में कप्तानी की, जिसमें भारत को एक जीत और एक हार मिली। इस तरह कुल 11 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तान रहते हुए रहाणे ने सिर्फ एक मैच गंवाया, जबकि टेस्ट और वनडे में उनका रिकॉर्ड पूरी तरह अजेय रहा।

रहाणे का कप्तानी रिकॉर्ड

वनडे

जिम्बाब्वे - 4 रन से जीत
जिम्बाब्वे - 62 रन से जीत
जिम्बाब्वे - 83 रन से जीत

टी20I

जिम्बाब्वे - 54 रन से जीत
जिम्बाब्वे - 10 रन से हार

टेस्ट

ऑस्ट्रेलिया - 8 विकेट से जीत
अफगानिस्तान - पारी और 262 रन से जीत
ऑस्ट्रेलिया - 8 विकेट से जीत
ऑस्ट्रेलिया - ड्रॉ
ऑस्ट्रेलिया - 3 विकेट से जीत
न्यूजीलैंड - ड्रॉ

धोनी, विराट और रोहित भी नहीं बना सके यह रिकॉर्ड

भारत के सफलतम कप्तानों में शामिल एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा ने कई बड़ी ट्रॉफियां और सीरीज जिताईं, लेकिन टेस्ट और वनडे कप्तानी में बिना कोई मैच गंवाए करियर समाप्त करने का रिकॉर्ड उनके नाम नहीं है। यह अनोखी उपलब्धि सिर्फ अजींक्य रहाणे के नाम दर्ज है।