नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम का श्रीलंका दौरा खत्म होने के बाद सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज खेली जाएगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने सीरीज की तारीखों और वेन्यू की पुष्टि कर दी है। खास बात यह है कि अफगानिस्तान भारत की धरती पर ही टीम इंडिया की मेजबानी करेगा और सीरीज के तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
13 से 17 सितंबर के बीच होंगे तीन मुकाबले
भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला T20I मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 15 सितंबर और तीसरा एवं आखिरी मुकाबला 17 सितंबर को होगा। खास बात यह है कि तीनों मैचों के लिए एक ही वेन्यू चुना गया है।
पहला T20I: 13 सितंबर 2026, अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
दूसरा T20I: 15 सितंबर 2026, अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
तीसरा T20I: 17 सितंबर 2026, अरुण जेटली स्टेडियम, नई दिल्ली
अफगानिस्तान पहली बार भारत के खिलाफ भारत में करेगा मेजबानी
इस सीरीज के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास में एक अनोखा अध्याय जुड़ जाएगा। अफगानिस्तान भारत की धरती पर भारत के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी करने वाला पहला विदेशी क्रिकेट बोर्ड बनेगा। अफगानिस्तान इससे पहले भारत को अपना होम बेस बनाकर लखनऊ, देहरादून और ग्रेटर नोएडा जैसे शहरों में अन्य टीमों के खिलाफ मुकाबले खेल चुका है। हालांकि, भारत के खिलाफ भारत में मेजबानी करने का यह उसका पहला अनुभव होगा।
BCCI की मंजूरी के बाद तारीखें हुईं तय
रिपोर्ट के मुताबिक, ACB ने अपने कमर्शियल पार्टनर्स और संबंधित हितधारकों को आधिकारिक पत्र भेजकर सीरीज की तारीखों और वेन्यू की जानकारी दी है। ACB के CEO नसीब खान ने पत्र में बताया कि आयोजन की तारीखों और मैच स्थलों पर BCCI के साथ सहमति बन चुकी है। ACB ने यह भी स्पष्ट किया कि मीडिया राइट्स होल्डर्स और अन्य संबंधित पक्ष तैयारियों, प्रमोशन और प्रोडक्शन से जुड़े काम शुरू कर सकते हैं। हालांकि, दोनों बोर्ड की ओर से सार्वजनिक रूप से औपचारिक घोषणा बाद में की जानी है।
बांग्लादेश दौरे की संभावना को बड़ा झटका
अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज के तय होने के बाद भारत के प्रस्तावित बांग्लादेश दौरे पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सितंबर की शुरुआत में भारत के खिलाफ वनडे और T20I सीरीज की योजना बनाई थी। अब अफगानिस्तान सीरीज की तारीखें 13 से 17 सितंबर के बीच तय होने के कारण भारत का बांग्लादेश दौरा मुश्किल माना जा रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के आगामी कार्यक्रम में अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज को जगह मिलना लगभग तय नजर आ रहा है।
वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी खास नजरें
इस सीरीज में युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें होंगी। इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ हालिया T20I मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित करने वाले वैभव को भारतीय टीम के भविष्य के सितारों में गिना जा रहा है। अगर उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज में मौका मिलता है, तो दिल्ली में वह एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर सकते हैं। हालांकि, सीरीज के लिए भारत की आधिकारिक टीम का ऐलान अभी बाकी है।