दुबई : अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई को शुक्रवार को ब्रेडी में आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच के दौरान ICC आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने का दोषी पाए जाने के बाद फटकार लगाई गई है। अजमतुल्लाह को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए ICC आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन करते हुए पाया गया जो 'अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने' से संबंधित है।
अजमतुल्लाह के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा गया है, 24 महीने की अवधि में यह उनकी पहली गलती थी। यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 41वें ओवर में हुई, जब आउट दिए जाने के बाद भी वे काफी देर तक क्रीज पर डटे रहे और फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इशारे किए। अजमतुल्लाह ने अपनी गलती मान ली और एमिरेट्स ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरीज के डीन कॉस्कर द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।
ऑन-फील्ड अंपायर गैरेथ मॉरिसन और रोली ब्लैक, तीसरे अंपायर जॉनी कैनेडी और चौथे अंपायर जॉर्ज ब्रॉली ने यह आरोप लगाया था। लेवल 1 के उल्लंघन के लिए कम से कम आधिकारिक फटकार और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना तथा एक व दो डिमेरिट पॉइंट की सजा हो सकती है।