Sports

दाम्बुला : बारिश से प्रभावित ट्राई-नेशन सीरीज के मैच में अफगानिस्तान ए ने स्टार खिलाड़ियों से सजी इंडिया ए टीम को डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत 4 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। 

पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए ने बारिश के कारण 49 ओवर की पारी में 349/9 का बड़ा स्कोर बनाया। प्रभसिमरन सिंह ने 69 गेंदों में तूफानी 84 रन बनाकर टीम को आगे बढ़ाया, साथ ही कप्तान तिलक वर्मा (66) और ऋतुराज गायकवाड़ (66) ने भी अर्धशतक जड़े। बार-बार बारिश होने के कारण DLS नियम लागू करके अफगानिस्तान ए के लिए लक्ष्य को 38 ओवर में 294 रन कर दिया गया। 

कप्तान इमरान (70 गेंदों में नाबाद 75 रन) और हसन ईसाखिल (29 गेंदों में 34 रन) की जबरदस्त शुरुआत के बाद अफगानिस्तान मुकाबले में बना रहा। इसके बाद बाहिर शाह (52 गेंदों में 51 रन) इमरान के साथ जुड़े और दोनों ने टीम को 25.5 ओवर में 177/2 तक पहुंचाया, तभी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। खेल के उस पड़ाव पर अफगानिस्तान टीम 'पार स्कोर' (जरूरी स्कोर) से चार रन आगे थी, जिससे उनकी जीत पक्की हो गई। 

इससे पहले कप्तान तिलक, उप-कप्तान ऋतुराज और ओपनर प्रभसिमरन ने सही समय पर अर्धशतक लगाए जिससे इंडिया ए ने विशाल स्कोर खड़ा किया। इंडिया ए की पारी के दौरान अफगानिस्तान के गेंदबाज विपक्षी बल्लेबाजों को रोकने के लिए संघर्ष करते दिखे। भारत की पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी ने की जिन्होंने 22 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल थे। इस युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने बिना कोई छक्का लगाए 200 का स्ट्राइक-रेट बनाए रखा जिससे पता चलता है कि वह बाउंड्री के लिए फील्ड में गैप ढूंढने में भी उतने ही माहिर हैं। 

सूर्यवंशी और प्रभसिमरन ने ओपनिंग विकेट के लिए सिर्फ 7.1 ओवर में 74 रन जोड़े जिससे भारत बड़े स्कोर की ओर अग्रसर हुआ। सूर्यवंशी एक बार फिर ऑफ-स्टंप के बाहर आती बाउंसर पर आउट हो गए। इस बार रैंप शॉट खेलने की कोशिश में गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर मोहम्मद इशाक के हाथों में चली गई। उन्हें अब्दुल्ला अहमदजई ने आउट किया, जो उस दिन पांच विकेट (5/68) लेकर सबसे सफल अफगान गेंदबाज रहे। लेकिन भारत ने शुरुआती बढ़त को आसानी से हाथ से नहीं जाने दिया। प्रियांश आर्य के जल्दी आउट होने के बाद प्रभसिमरन ने गायकवाड़ के साथ तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े, गायकवाड़ ने इस टूर्नामेंट में लगातार दूसरी बार 50 से ज़्यादा रन बनाए। 

प्रभसिमरन शतक के करीब पहुंचकर पार्ट-टाइम गेंदबाज इमरान मीर का शिकार बने, लेकिन गायकवाड़ डटे रहे और चौथे विकेट के लिए तिलक के साथ 78 रन जोड़े, तिलक ने भी लगातार दूसरी बार अर्धशतक लगाया। लेकिन गायकवाड़ और आयुष बडोनी लगातार गेंदों पर फरमानुल्लाह साफी (3/85) का शिकार बने जिससे 38वें ओवर में भारत का स्कोर 245/3 से 245/5 हो गया। तिलक को आक्रामक बल्लेबाज सूर्यांश शेडगे (40 रन, 27 गेंद) का अच्छा साथ मिला, इस जोड़ी ने छठे विकेट के लिए सिर्फ सात ओवर में 70 रन जोड़े और भारत आसानी से 300 रन के पार पहुंच गया।