स्पोर्ट्स डेस्क: ईशान किशन की तूफानी 81 रन की पारी और तिलक वर्मा के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 90 रन से करारी शिकस्त दे दी। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में मिली इस जीत के साथ टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाते हुए सीरीज अपने नाम कर ली। यह श्रेयस अय्यर की भारत के टी20 कप्तान के रूप में पहली सीरीज जीत भी रही।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 219 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन (81 रन, 44 गेंद) और तिलक वर्मा (नाबाद 60 रन) ने 94 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 25 रन का योगदान दिया, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंदों में 20 रन की विस्फोटक पारी खेली।
220 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत आक्रामक रही, लेकिन यश ठाकुर ने ब्रायन बेनेट (32) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट झटकते हुए मेजबान टीम को कभी संभलने नहीं दिया।
प्रिंस यादव ने बेन करन और कप्तान सिकंदर रजा को आउट कर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। हालांकि इसी दौरान उन्हें हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अंशकालिक गेंदबाजों अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा पर भरोसा जताया, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट साझा किए।
अभिषेक शर्मा ने 3 विकेट लेकर जिम्बाब्वे की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया, जबकि यश ठाकुर और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। पूरी जिम्बाब्वे टीम 17.5 ओवर में 129 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 90 रन से जीत लिया।
इस जीत के साथ भारत ने लगातार आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) के खिलाफ मिली सीरीज हार का सिलसिला भी तोड़ दिया। अब तीसरा और अंतिम टी20 सिर्फ औपचारिकता रह गया है, जबकि टीम इंडिया की नजरें क्लीन स्वीप पर होंगी।
प्लेइंग 11
भारत: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, मयंक यादव।
जिम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रियान बर्ल, वेस्ली माधेवेरे, तादीवानाशे मारूमानी (विकेटकीपर), ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड एनगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी।