स्पोर्ट्स डेस्क: फ्रांस फुटबॉल महासंघ (FFF) ने महान फुटबॉलर जीनेदिन जिदान को पुरुष राष्ट्रीय टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त कर दिया है। जिदान अगले चार वर्षों तक यानी 2030 फीफा वर्ल्ड कप तक फ्रांस की कमान संभालेंगे। वह दिग्गज कोच डिडिएर डेसचैम्प्स की जगह लेंगे, जिनका 14 साल का कार्यकाल 2026 वर्ल्ड कप के बाद समाप्त हुआ।
14 साल बाद डेसचैम्प्स की जगह जिदान
फ्रांस के सबसे सफल कोचों में शामिल डिडिएर डेसचैम्प्स ने 2026 फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में टीम की हार के बाद पद छोड़ दिया। अब उनकी जगह फ्रांस के दिग्गज खिलाड़ी और रियल मैड्रिड के पूर्व सफल कोच जीनेदिन जिदान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह फ्रांस के इतिहास के 18वें राष्ट्रीय कोच बने हैं।
'फ्रांस की टीम से बड़ा कुछ नहीं' - जिदान
नियुक्ति के बाद जिदान ने कहा, 'मैं हमेशा कहता रहा हूं कि फ्रांस की राष्ट्रीय टीम से बड़ा कुछ नहीं है। इस टीम का कोच बनना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है। यह सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं अध्यक्ष फिलिप डियालो, कार्यकारी समिति और फ्रेंच फुटबॉल महासंघ का धन्यवाद करता हूं। साथ ही डिडिएर डेसचैम्प्स और उनके स्टाफ के 14 वर्षों के शानदार योगदान को भी सलाम करता हूं। मेरे पास फ्रांस के लिए बहुत बड़े लक्ष्य हैं।'
अगस्त से संभालेंगे जिम्मेदारी, कई बड़े टूर्नामेंट होंगे लक्ष्य
54 वर्षीय जिदान आधिकारिक तौर पर 1 अगस्त से पदभार संभालेंगे। उनके कार्यकाल में फ्रांस 2026-27 यूईएफए नेशंस लीग, यूरो 2028 क्वालिफायर, 2028-29 नेशंस लीग और 2030 फीफा वर्ल्ड कप क्वालिफायर खेलेगा। जिदान सितंबर की शुरुआत में अपने कोचिंग स्टाफ का भी ऐलान करेंगे।
FFF अध्यक्ष ने जताया भरोसा
फ्रेंच फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष फिलिप डियालो ने कहा, 'जिदान की नियुक्ति हमारे लिए गर्व का क्षण है। वह फ्रांस फुटबॉल के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं और दुनिया के सबसे सम्मानित कोचों में गिने जाते हैं। उनकी प्रतिभा, मेहनत, विनम्रता और उत्कृष्टता वही मूल्य हैं जिन्हें हम राष्ट्रीय टीम के साथ आगे बढ़ाना चाहते हैं।'