Sports

नई दिल्ली : ओलम्पिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त, महिला पहलवान बबीता फोगाट और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह भारतीय जनता पार्टी की तरफ से हरियाणा विधानसभा चुनाव में ताल ठोकेंगे। भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए सोमवार को 78 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जिसमें इन तीन खिलाडिय़ों को टिकट दिया गया है। योगेश्वर दत्त को बरोदा, बबीता फोगाट को दादरी और संदीप सिंह को पिहोवा से उम्मीदवार बनाया गया है।

हरियाणा में पिछले पांच वर्ष से भाजपा का शासन है। राज्य में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी। संदीप सिंह और 2012 के लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पहलवान योगेश्वर हाल में भाजपा में शामिल हुए थे।

पूर्व हॉकी कप्तान और ड्रैग फ्लिकर संदीप हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के शाहबाद के निवासी हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 2009 में मलेशिया को हराकर सुल्तान अजलान शाह कप पर कब्जा किया था। योगेश्वर दत्त ने 2012 लंदन ओलंपिक में 60 किलोग्राम फ्री स्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीता था। उन्हें 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 2014 राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया था।