स्पोर्ट्स डेस्क: भारत की स्टार गोल्फर दीक्षा डागर ने महिला स्कॉटिश ओपन 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कट पार कर लिया है। दूसरे दौर में 1 ओवर 73 का कार्ड खेलने वाली दीक्षा टूर्नामेंट में कट हासिल करने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी रहीं। हालांकि, प्रणवी उर्स और अवनि प्रशांत कट हासिल करने में नाकाम रहीं और उनका अभियान दूसरे दौर के बाद ही समाप्त हो गया।
पहले दौर में 74 और दूसरे दौर में 73 का स्कोर बनाने वाली दीक्षा कुल 3 ओवर पार (147) के स्कोर के साथ संयुक्त 35वें स्थान पर हैं। दूसरे राउंड में उन्होंने दूसरे, सातवें और 14वें होल पर शानदार बर्डी लगाई, लेकिन तीसरे, छठे, 13वें और 15वें होल पर बोगी के कारण कुछ शॉट गंवाने पड़े।
दूसरी ओर, प्रणवी उर्स ने पहले दौर में निराशाजनक 84 का स्कोर बनाया था, लेकिन दूसरे दौर में 71 खेलकर वापसी की कोशिश की। इसके बावजूद वह कुल 11 ओवर पार के स्कोर के साथ कट से बाहर हो गईं। वहीं अवनि प्रशांत ने 80 और 77 के कार्ड खेलते हुए टूर्नामेंट से विदाई ली।
दीक्षा के लिए यह प्रदर्शन बेहद अहम माना जा रहा है। लेडीज़ यूरोपियन टूर (LET) की ऑर्डर ऑफ मेरिट रैंकिंग में शीर्ष-10 में शामिल दीक्षा अगले सप्ताह होने वाले AIG वुमेंस ओपन में अपनी जगह पक्की करने के लिए इस टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन करने की कोशिश कर रही हैं।
अब तीसरे और चौथे राउंड में दीक्षा पर भारतीय चुनौती को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी। अगर वह इसी लय को बरकरार रखती हैं तो स्कॉटिश ओपन में भारत के लिए यादगार परिणाम हासिल कर सकती हैं।