Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: वेस्टइंडीज ने एंटीगा में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 217 रन के विशाल अंतर से हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 में अपना जीत का खाता खोल दिया। कप्तान रोस्टन चेज की अगुआई में मिली यह पहली टेस्ट जीत रही। दूसरी ओर श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 101 रन पर सिमट गई, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट इतिहास में उसका सबसे कम स्कोर है। इस जीत के हीरो अमीर जंगू, रोस्टन चेज और अनुभवी तेज गेंदबाज केमार रोच रहे।

श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी

चौथे दिन 15/1 के स्कोर से आगे खेलते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही। निशान मदुश्का को केमार रोच ने एलबीडब्ल्यू आउट किया, जबकि जयडेन सील्स ने दिन की पहली ही गेंद पर नाइटवॉचमैन कसुन राजिता को पवेलियन भेज दिया।

इसके बाद दिनेश चांदीमल और कामिंदु मेंडिस ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन शमार जोसेफ ने कामिंदु को बोल्ड कर श्रीलंका को बड़ा झटका दिया। पहली पारी में शतक लगाने वाले कप्तान धनंजय डी सिल्वा इस बार सात गेंदों में खाता भी नहीं खोल सके और शमार का शिकार बने। 17वें ओवर तक श्रीलंका की आधी टीम सिर्फ 48 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी।

केमार रोच ने रचा इतिहास

बारिश के कारण खेल कुछ समय के लिए रुका, लेकिन इसके बाद केमार रोच ने कहर बरपा दिया। उन्होंने लगातार तीन विकेट लेकर श्रीलंका की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। रोच ने दिनेश चांदीमल, मिलान रत्नायके और असिथा फर्नांडो को आउट करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपने 300 विकेट पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले वेस्टइंडीज के सिर्फ पांचवें गेंदबाज बने।

अंत में जयडेन सील्स ने लाहिरु कुमारा को बोल्ड कर श्रीलंका की दूसरी पारी 31.2 ओवर में 101 रन पर समेट दी। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले उनका न्यूनतम स्कोर 150 रन था, जो 2005 में कैंडी में बना था।

अमीर जंगू और रोस्टन चेज ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इससे पहले श्रीलंका ने पहली पारी में कप्तान धनंजय डी सिल्वा (120) और दिनेश चांदीमल (54) की बदौलत 308 रन बनाए थे। जवाब में वेस्टइंडीज ने कप्तान रोस्टन चेज (194) और अमीर जंगू (233) की शानदार पारियों के दम पर 626/9 पर पारी घोषित की। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 401 रन की रिकॉर्ड साझेदारी हुई, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।

WTC अंक तालिका में वेस्टइंडीज को मिला फायदा

इस बड़ी जीत के साथ वेस्टइंडीज ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में अपनी पहली जीत दर्ज की। टीम अंक तालिका में सबसे नीचे से उठकर आठवें स्थान पर पहुंच गई और पाकिस्तान को नौवें स्थान पर धकेल दिया। वहीं श्रीलंका को इस करारी हार का नुकसान उठाना पड़ा। टीम तीसरे स्थान से फिसलकर छठे स्थान पर पहुंच गई।