मुंबई : पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले टेबल टेनिस खिलाड़ी जी साथियान की नजरें अब अगस्त में होने वाले एशियाई खेलों पर लगी हैं जिसमें उन्हें अधिक कठिन प्रतिस्पर्धा का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि अनुकूल ड्रा मिलने पर भारत टेबल टेनिस में पदक जीत सकता है। साथियान ने कहा-हम अच्छा खेल रहे हैं और आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है। राष्ट्रमंडल खेल में प्रदर्शन अच्छा था लेकिन एशियाई खेलों में चुनौती अधिक कठिन होगी क्योंकि इसमें शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह पूछने पर कि क्या सब कुछ ड्रा पर निर्भर करेगा, उन्होंने कहा- बिल्कुल। अगर आपको क्वार्र्टर फाइनल में चीन से खेलना पड़े तो मुश्किल होगी।
कोरिया या जापान के खिलाफ हम फिर भी उलटफेर कर सकते हैं। हम भविष्य में चीन को हरा सकते हैं लेकिन अभी नहीं। साथियान ने कहा कि भारत ने भले ही राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता हो लेकिन तकनीक और मानसिक अनुकूलन पर मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा- हम अच्छा खेल रहे हैं लेकिन तकनीक, मानसिक अनुकूलन और अन्य पहलुओं पर काम करना होगा।