Sports

मुंबईः भारत के लिए 100 अंतरराष्ट्रीय मैचों के आंकड़े से दो मैच दूर भारतीय फुटबाॅल टीम के कप्तान सुनील छेत्री का मानना है कि अब खिलाडिय़ों और प्रशंसकों के बीच खेल को लेकर अधिक जागरूकता है। इंटरकांटिनेंटल कप में चीनी ताइपे के खिलाफ टीम के पहले मैच की पूर्व संध्या पर छेत्री ने कहा, ‘‘ वे अधिक जागरूक हैं और अब अधिक जागरूकता है। सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं बल्कि पूरा देश। हम भारतीय अब अधिक जागरूक (खेल को लेकर) हैं। ’’           

उन्होंने कहा, ‘‘ क्या करना है और क्या नहीं इसे लेकर लड़कों के बीच अब अधिक जानकारी है। वह अपनी और अपने पोषण पर ध्यान देने के इच्छुक हैं। ’’ सिकंदराबाद में जन्में छेत्री मुंबई फुटबाल एरेना में कल चीनी ताइपे के खिलाफ अपना 99 वां मैच खेलेंगे और चार जून को कीनिया के खिलाफ 100 वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने उतरेंगे।

देश के लिए खेलना बडे सम्मान की बात
अंतरराष्ट्रीय फुटबाल में 56 गोल दागने वाले छेत्री ने कहा कि वह फिट हैं और उनकी टीम कई देशों के इस टूर्नामेंट में खेलने को तैयार है। छेत्री ने साथ ही कहा कि वह राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ अपने देश के लिए खेलना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। मैं काफी कोचों , खिलाडिय़ों , फिजियो और स्टाफ के साथ जुड़ा रहा हूं। मुझे भारत के लिए खेलना पसंद है और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करता हूं। ’’