Sports

जालन्धर : राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज शेन वॉटसन का बल्ला बोलना ही था। क्योंकि यह बात राजस्थान के खिलाफ वॉटसन के आंकड़ें बयां करते हैं। वॉटसन ने राजस्थान के खिलाफ अब तक सात मैच खेले हैं। इसमें वह 436 रन बना चुके हैं। वॉटसन का राजस्थान टीम से ‘प्यार’ इस बात से साबित होता है कि वह उनके खिलाफ तीन फिफ्टी और दो शतक ठोक चुके हैं।

वॉटसन ने राजस्थान के खिलाफ अपने पहले मैच में भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 61 गेंद में 101 रन बनाए थे। इसके अगले मैच में 34 गेंद पर 70, फिर छह गेंद में 7, 36 गेंद में 51, 47 गेंद में 73, 30 गेंद में 28 तो शुक्रवार को राजस्थान के खिलाफ महज 57 गेंदों में बनाए गए 106 रन शामिल हैैं। वॉटसन ने अपने शतक के लिए छह छक्के और नौ चौके भी लगाए। उनकी राजस्थान के खिलाफ औसत 62 से ज्यादा है।

वॉटसन ने इसके साथ ही आईपीएल में अपना तीसरा शतक बनाया। ऐसा कर उन्होंने एबी डीविलियर्स और डेविड वॉर्नर की बराबरी कर ली है। जो आईपीएल में 3-3 शतक लगा चुके हैं। बता दें कि आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अभी भी क्रिस गेल (6) के नाम पर है।

पहली विकेट के लिए 26 गेंद में बनाए 50 रन 
सीएसके ने अपनी पारी दौरान 50 रन महज 26 गेंद में बना दिए थे। इसे वॉटसन के तीन छक्के और तीन चौकों ने आसान किया था। यह पहली विकेट के लिए बनाए गए सबसे तेज पचास रन का रिकॉर्ड है। इससे पहले चेन्नई की ओर से स्मिथ और मैक्कुलम ने मुंबई के खिलाफ 2015 में महज 25 गेंद में 50 रन ठोक दिए थे। हालांकि पहले नंबर पर भी वॉटसन और रायडु ही है जिन्होंने इसी सीजन में केकेआर के खिलाफ महज 22 गेंद में 50 रन बना दिए थे। 

पावर प्ले में बनाया दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर
पुणे के स्टेडियम में पावरप्ले के दौरान काफी रन बनते हैं। यहां पहले पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड गुजरात लॉयन के नाम पर है। गुजरात ने 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजॉइंट के खिलाफ पहले पावरप्ले (5 ओवर) में 72 रन बनाए थे। अब राजस्थान के खिलाफ मैच दौरान चेन्नई ने पहले पावरप्ले में 69 रन बनाए जोकि यहां पावर प्ले में दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।