Sports

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका के स्टार टेनिस खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज ने वॉशिंगटन डीसी ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में उन्होंने स्पेन के युवा खिलाड़ी राफेल जोदार को सीधे सेटों में 7-6(2), 6-4 से हराकर करियर का 11वां ATP टूर खिताब जीता। खास बात यह रही कि यह लगभग चार साल बाद ATP 250 से ऊपर के स्तर पर फ्रिट्ज का पहला खिताब है।

बारिश के बाद फ्रिट्ज ने दिखाई दमदार वापसी

बारिश के कारण फाइनल मुकाबला देर से शुरू हुआ, लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने पहले सेट में शानदार सर्विस गेम दिखाए। पहला सेट टाईब्रेक तक पहुंचा, जहां फ्रिट्ज ने आक्रामक रिटर्न और गहरी ग्राउंडस्ट्रोक्स की बदौलत जोदार से लगातार गलतियां कराईं और 7-2 से टाईब्रेक जीतकर बढ़त बना ली। दूसरे सेट की शुरुआत में ही तीसरी वरीयता प्राप्त फ्रिट्ज ने 3-0 की बढ़त हासिल कर ली और फिर पूरे मुकाबले पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।

पांचवें मैच प्वाइंट पर जीता खिताब

मुकाबले के अंतिम गेम में रोमांच चरम पर था। फ्रिट्ज ने एक ब्रेक प्वाइंट बचाया और आखिरकार पांचवें मैच प्वाइंट पर जीत दर्ज की। एक घंटा 49 मिनट तक चले मुकाबले के बाद जीत मिलते ही फ्रिट्ज कोर्ट पर ही भावुक होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्होंने उठकर घरेलू दर्शकों का अभिवादन किया। इस जीत के साथ फ्रिट्ज 2008 के बाद वॉशिंगटन ओपन जीतने वाले दूसरे अमेरिकी खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले 2024 में सेबेस्टियन कोर्डा ने यह खिताब जीता था।

ATP रैंकिंग में मिला बड़ा फायदा

इस खिताबी जीत के बाद फ्रिट्ज ATP लाइव रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। अब उनका अगला लक्ष्य मॉन्ट्रियल में होने वाला ATP Masters 1000 टूर्नामेंट होगा। फ्रिट्ज इस सीजन ATP टूर का खिताब जीतने वाले ऐसे आठवें खिलाड़ी भी बने हैं, जिन्होंने टूर्नामेंट के दौरान कम से कम एक मैच प्वाइंट बचाने के बाद ट्रॉफी जीती।

19 साल के जोदार ने भी रचा इतिहास

हालांकि राफेल जोदार फाइनल हार गए, लेकिन उनका प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। 19 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी पहली बार ATP रैंकिंग के टॉप-20 में पहुंच गए हैं। अप्रैल में उन्होंने मराकेश में अपना पहला ATP खिताब जीता था और अब वॉशिंगटन में शानदार प्रदर्शन के बाद ATP लाइव रेस टू ट्यूरिन में 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। जोडार का लक्ष्य अब स्टेफानोस सितसिपास और कार्लोस अल्कारेज के बाद ऐसा तीसरा खिलाड़ी बनना है, जो नेक्स्ट जेन ATP फाइनल्स खेलने के अगले ही साल ATP फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करे।

फ्रिट्ज ने जोदार की जमकर तारीफ की

खिताब जीतने के बाद टेलर फ्रिट्ज ने युवा प्रतिद्वंद्वी की तारीफ करते हुए कहा, 'यह बेहद कठिन फाइनल था। तुम शानदार सीजन खेल रहे हो। सिर्फ 19 साल की उम्र में अपने पहले ही टूर सीजन में तुम और तुम्हारे पिता जो काम कर रहे हो, वह अविश्वसनीय है। तुम अभी बहुत युवा हो और आगे और भी बेहतर खिलाड़ी बनोगे।'