Sports

नई दिल्ली: खेल मंत्रालय ने आर्थिक तंगहाली से जूझ रहे सत्तर के दशक के राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी एन के मिश्रा के लिए 5 लाख रूपए की सहायता राशि स्वीकृत की है।  

खेल मंत्रालय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय खिलाड़ी कल्याण कोष से यह सहायता राशि प्रदान की है। अपर्याप्त आर्थिक संसाधनों के चलते मिश्रा किराए के घर में कठिन परिस्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं । खेल मंत्रालय ने राजस्थान सरकार से भी मिश्रा को यथोचित सहायता देने का आग्रह किया है।  जयपुर के टोंक रोड निवासी मिश्रा ने राजस्थान खेल मंत्रालय के तहत वालीबॉल कोच के तौर पर भी देश को अपनी सेवाएं दी थी।  

इससे पहले केंद्रीय खेल मंत्रालय ने बीते जमाने के फुटबॉल खिलाड़ी मोहम्मद हबीब के लिए भी 5 लाख रूपए की सहायता राशि को मंजूरी दी थी। हबीब अलजाइमर से जूझ रहे हैं।  खेलमंत्री और ओलिंपिक रजत पदक विजेता निशानेबाज कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पदभार संभालने के बाद कहा था कि खिलाडिय़ों के लिए सुविधा और सम्मान उनकी प्राथमिकता है और मंत्रालय के लिये सिर्फ खिलाड़ी ही ‘वीवीआईपी’ है।