Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद वैभव ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया।

राजस्थान रॉयल्स की जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी ने इंस्टाग्राम पर सात तस्वीरों के साथ सिर्फ तीन शब्द लिखे — 'Hungry For More” यानी ‘और ज्यादा पाने की भूख’। इस पोस्ट में मैच की कई तस्वीरें शामिल थीं, जिनमें उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की झलक दिखाई दी।

पैट कमिंस भी हुए वैभव के मुरीद

27 मई को खेले गए IPL 2026 एलिमिनेटर मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस समेत सभी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी 29 गेंदों में 97 रन की पारी ने मैच का पूरा रुख बदल दिया और राजस्थान रॉयल्स ने 47 रन से मुकाबला जीतकर क्वालिफायर-2 में जगह बना ली।

मैच के बाद खुद पैट कमिंस ने भी वैभव की बल्लेबाजी की तारीफ की। युवा बल्लेबाज ने अपनी पारी में चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए SRH के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

केविन पीटरसन ने कही बड़ी बात

वैभव सूर्यवंशी की सोशल मीडिया पोस्ट पर कई दिग्गज खिलाड़ियों ने प्रतिक्रिया दी। रविचंद्रन अश्विन, सुरेश रैना और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी उनकी तारीफ की। केविन पीटरसन ने कमेंट करते हुए लिखा, 'That 200 loading buddy!” यानी ‘200 रन की पारी आने वाली है दोस्त।' 

दरअसल, हाल ही में पीटरसन को दिए एक इंटरव्यू में वैभव सूर्यवंशी ने कहा था कि वह सिर्फ क्रिस गेल के 175 रन के रिकॉर्ड को तोड़ना नहीं चाहते, बल्कि टी20 क्रिकेट में पहला दोहरा शतक भी लगाना चाहते हैं। वैभव ने इंटरव्यू में कहा था, 'अगर मैं किसी मैच में पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करूं तो 175 रन का रिकॉर्ड तोड़ सकता हूं।'

क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, ऑरेंज कैप पर कब्जा

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी 97 रन की पारी में वैभव सूर्यवंशी ने 12 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इस सीजन में उनके नाम अब 65 छक्के हो चुके हैं। इसके अलावा वैभव ने ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली है। IPL 2026 में उन्होंने अब तक 680 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं।

गुजरात टाइटंस के खिलाफ फिर बड़ी पारी की उम्मीद

राजस्थान रॉयल्स अब 29 मई को क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। वैभव सूर्यवंशी का GT के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने गुजरात के खिलाफ तीन पारियों में 233.33 की स्ट्राइक रेट से 168 रन बनाए हैं। उनका पहला IPL शतक भी गुजरात टाइटंस के खिलाफ ही आया था।

अगर वैभव क्वालिफायर-2 में अर्धशतक लगाने में सफल रहते हैं तो वह IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की टॉप-10 सूची में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल राजस्थान रॉयल्स के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड जोस बटलर के नाम है, जिन्होंने IPL 2022 में 863 रन बनाए थे।