Sports

काकामिगाहारा: जापान के काकामिगाहारा में खेले जा रहे महिला अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने पूल-ए के अपने दूसरे मुकाबले में कोरिया को 3-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इससे पहले भारतीय टीम ने अपने पहले मैच में मलेशिया को मात दी थी।

भारत की ओर से नौशीन नाज़, श्रुति कुमारी और किरण एक्का ने गोल किए। इस जीत के साथ भारतीय टीम छह अंकों के साथ पूल-ए तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को नौशीन नाज़ ने गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने कोरिया पर लगातार दबाव बनाए रखा।

दूसरे क्वार्टर में भारत को अपनी मेहनत का फल मिला। 21वें मिनट में श्रुति कुमारी ने शानदार फील्ड गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। हाफ टाइम तक भारतीय टीम पूरी तरह मैच पर हावी रही। तीसरे क्वार्टर में कोरिया ने वापसी की कोशिश की और 41वें मिनट में ग्योंगमिन रियू ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। हालांकि, भारत ने जल्द ही जवाब देते हुए 43वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे किरण एक्का ने गोल में बदलकर बढ़त फिर दो गोल की कर दी।

पूरे मुकाबले में भारत को चार पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जबकि कोरिया को केवल दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल हुए। भारतीय टीम ने इन मौकों का बेहतर उपयोग करते हुए मैच अपने नाम किया। मलेशिया और कोरिया के खिलाफ लगातार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम अब 2 जून को पूल-ए के अपने अंतिम मुकाबले में सिंगापुर से भिड़ेगी। टीम की नजरें जीत का सिलसिला बरकरार रखते हुए सेमीफाइनल में मजबूत दावेदारी पेश करने पर होंगी।