Sports

ब्लेन (अमेरिका) : भारतीय गोल्फर अर्जुन अटवाल ने बैक नाइन पर डबल बोगी के बावजूद लय जारी रखते हुए बर्डी की हैट्रिक जमायी जिससे वह यहां शुरूआती थ्रीएम ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में अच्छे स्थान की दौड़ में बने हुए हैं। अटवाल ने लगातार दूसरा 68 का कार्ड खेला और 12 अंडर के कुल स्कोर से वह संयुक्त रूप से नौंवे स्थान पर बने हुए हैं। वह शीर्ष पर चल रहे गोल्फर से तीन शाट पीछे हैं जिससे उन्हें अंतिम दौर में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं एक अन्य भारतीय अनिर्बान लाहिड़ी (75) संयुक्त 83वें स्थान से 54 होल के कट में प्रवेश करने से चूक गये। 

अदिति संयुक्त 51वें स्थान पर
ओनेडा (अमेरिका) : भारत की अदिति अशोक तीसरे दौर में तीन अंडर 69 के स्कोर के साथ यहां थोर्नबैरी क्रीक एलपीजीए क्लासिक गोल्फ टूर्नामेंट में संयुक्त 51वें स्थान पर हैं। अदिति का कुल स्कोर आठ अंडर हैं। थाईलैंड की आरिया जुतानुगाम (पांच अंडर 67), कोरिया की सुंग ह्युन पार्क (तीन अंडर 69), चीन की शानशान फेंग (सात अंडर 65) और अमेरिका की टिफानी जोह (छह अंडर 66) ने कुल 20 अंडर के स्कोर के साथ तीसरे दौर के बाद संयुक्त बढ़त बना ली है।