स्पोर्ट्स डेस्क : आईपीएल के 15वें सीजन की शुरूआत होने में कुछ ही दिन रह गए हैं। आईपीएल का पहला मैच 26 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाईट राईडर्स के बीच में खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले में फैंस को एक बार फिर छक्के चौके देखने को मिलेंगे। बतौर कप्तान छक्के लगाने के मामले में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी सबसे आगे हैं। पर धोनी को रोहित शर्मा से कड़ी टक्कर मिल सकती है।
आईपीएल में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में धोनी का रिकॉर्ड सबसे बढ़िया है। धोनी ने बतौर कप्तान अब तक आईपीएल में 203 छक्के लगाए हैं जोकि सबसे ज्यादा है। धोनी के इस रिकॉर्ड के आस-पास कोई दूसरा कप्तान नहीं है। पर धोनी के इस रिकॉर्ड को रोहित शर्मा टक्कर दे सकते हैं।
रोहित शर्मा बतौर कप्तान छक्के लगाने की लिस्ट में तीसरे स्थान पर है। रोहित ने कप्तान के तौर पर 130 छक्के लगाए हैं। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली दूसरे स्थान पर हैं। विराट के नाम कप्तान के तौर पर आईपीएल में 167 छक्के हैं। वह धोनी के रिकॉर्ड तोड़ने के सबसे करीब थे। पर विराट ने आरसीबी की कप्तानी छोड़ दी जिस वजह से वह अब यह रिकॉर्ड तोड़ नहीं पाएंगे।
कप्तान के रूप में आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
धोनी - 203
विराट - 167
रोहित - 130