Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : कोरोना वायरस के कारण यात्रा करना आम लोगों ही नहीं खिलाड़ियों के लिए भी काफी मुश्किल हो रहा है। भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा इंग्लैंड की यात्रा करने वाली हैं और उन्हें इसके लिए यूके सरकार द्वारा वीजा भी जारी कर दिया गया है, लेकिन उनके बेटे और उनके कार्यवाहक का वीजा रद्द कर दिया गया है क्योंकि भारत कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण रेड लिस्ट में है। 

सानिया की गुहार पर भारतीय खेल मंत्रालय ने यूके में अधिकारियों से संपर्क किया और इस तथ्य पर जोर दिया कि टेनिस स्टार अपने 2 साल के बेटे को देश में छोड़कर एक महीने के लिए नहीं जा सकती। इसलिए, विशेष आधार पर इजहान मिर्जा मलिक और उनके कार्यवाहक को वीजा दिया जाए। इसके जवाब में ब्रिटिश उच्चायोग ने कहा कि यह मामला फिलहाल विचाराधीन है। एक मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान उन्होंने ये बात कही। 

यूके सरकार के मानदंडों के अनुसार, 'रेड लिस्ट' वाले देशों से यात्रा करने वालों को उनके आगमन पर सख्त क्वारंटाइन से गुजरना होगा। अभी तक, केवल यूके के निवासियों और विशिष्ट खिलाड़ियों सहित कुछ छूट प्राप्त मामलों को भारत से इंग्लैंड की यात्रा करने की अनुमति दी गई है। 

सानिया की चिंता पर खेल मंत्रालय ने एक बयान में कहा, सानिया जोकि खेल मंत्रालय की लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना (टाॅप्स) का हिस्सा हैं, ने मंत्रालय से संपर्क कर अपने बेटे और उनके कार्यवाहक के वीजा के लिए मदद मांगी। सानिया ने कहा कि वह 2 साल के बच्चे को पीछे नहीं छोड़ सकती क्योंकि उन्हें एक महीने तक की यात्रा करनी है। 

भारत के लिए टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाली सानिया का पूरे जून में इंग्लैंड में ग्रास-कोर्ट टूर्नामेंट खेलने का कार्यक्रम है। सानिया के शीर्ष असाइनमेंट्स में, नॉटिंघम ओपन, बर्मिंघम ओपन और ईस्टबोर्न ओपन के साथ-साथ विंबलडन भी शामिल हैं।