Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : पांच बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस को उस समय अपने अभ्यास सत्र को रोकना पड़ गया जबक मधुमक्खियों के झुंड ने मैदान में प्रवेश किया। मुंबई अपने अगले ग्रुप चरण में गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) 21 अप्रैल (गुरुवार) को डॉ डी वाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी, मुंबई में भिड़ेगी। मुंबई ने 6 में से एक भी मैच नहीं जीता और अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। 

मुंबई ने बुधवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर 18 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया जिसमें मुंबई के सभी खिलाड़ियों को वीडियो में लेटे हुए देखा जा सकता है क्योंकि मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड उनके ऊपर मंडरा रहा था। वीडियो को अब तक 3,625 बार देखा जा चुका है और 368 लाइक्स (लिखने के समय तक) मिल चुके हैं। 

मुंबई और चेन्नई में से जो भी टीम हारी उसके लिए आगे की राह मुश्किल हो जाएगी और प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए रास्ते करीब बंद हो जाएंगे। मुंबई और सीएसके ने भले ही टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया लेकिन रुतुराज गायकवाड़, रॉबिन उथप्पा और शिवम दूबे जैसे खिलाड़ी अपनी टीमों के लिए काफी घातक साबित हो सकते हैं। 

मुंबई टीम प्रबंधन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टायमल मिल्स की जगह ऑस्ट्रेलियाई एक्सप्रेस पेसर रिले मेरेडिथ को मौका देना चाहेगा जो अपने पिछले कुछ प्रदर्शनों में सामान्य रहे हैं। कप्तान रोहित शर्मा और विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन भी अब तक प्रभावित करने में नाकाम रहे हैं। सूर्यकुमार यादव, दक्षिण अफ्रीका के देवाल्ड ब्रेविस और युवा तिलक वर्मा ने बल्ले से प्रभावित किया है। सूर्यकुमार ने चार पारियों में 153.85 के स्ट्राइक रेट से 200 रन बनाए हैं। जबकि वर्मा ने छह पारियों में 147.6 के स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए हैं।