Sports

नई दिल्लीः भारतीय टीम मौजूदा समय में श्रीलंका में निदाहास ट्राॅफी खेलने में व्यस्त है। टीम के सदस्य श्रीलंका के खिलाफ मैच से पहले अपने खाली समय में मस्ती करते हुए दिखाई दे रहे हैं। भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना किशोर कुमार का गाना 'ये शाम मस्तानी' गुनगुनाते हुए नजर आए। एक होटल में रैना के साथ भारत के सभी सदस्य इस गाने का आनंद ले रहे हैं। 


भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ट्विटर पर सुरेश रैना की एक तस्वीर भी शेयर की है, जिसके साथ उन्होंने लिखा कि, 'आपने इन्हें मैदान पर देखा होगा, लेकिन कभी किशोर कुमार को क्लासिक गाते हुए देखा है? पेश है- सुरेश रैना, द सिंगर।' सुरेश रैना ने इस गाने को गुनगुनाते हुए अपनी वीडियो को अपने आॅफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है। इस वीडियो में सुरेश रैना 'कटी पतंग' फिल्म का गाना ये शाम मस्तानी, मदहोश किए जाए... गा रहे हैं।


ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। युवा बल्लेबाज ऋषभ पंत अपनी सीट पर बैठे-बैठे रैना का साथ दे रहे हैं। बता दें कि टीम इंडिया के ऑलराउंडर रैना काफी अच्छे सिंगर हैं। बहरहाल, ये शाम मस्तानी गाना 70 के दशक में आई 'कटी पतंग' फिल्म में किशोर कुमार ने गाया था, जिसे राजेश खन्ना और आशा पारेख पर फिल्माया गया है।