Sports

नई दिल्लीः अनुभवी डिफेंडर सुनीता लाकड़ा को 13 मई से कोरिया के डोंघाइ सिटी में होने वाले एशियाई चैम्पियंस ट्राफी महिला हाकी टूर्नामेंट के लिए गत चैम्पियन भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है। नियमित कप्तान रानी रामपाल की गैर मौजूदगी में सुनीता 18 सदस्यीय टीम की कप्तान होंगी। रानी को इस टूर्नामेंट में आराम दिया गया है। गोलकीपर सविता उपकप्तान होगी।

भारत के डिफेंस का दारोमदार दीपिका, दीप ग्रेस इक्का, सुमन देवी, गुरजीत कौर पर होगा जबकि मिडफील्ड में मोनिका, नमिता टोप्पो, निक्की प्रधान, नेहा गोयल, लिलिमा मिंज, नवजोत कौर और उहिता रहेंगे। फारवर्ड पंक्ति की कमान वंदना कटारिया, लालरेम्सियामी, नवनीत कौर और अनुपा बारला के हाथ में होगी। भारतीय टीम राष्ट्रमंडल खेलों के उम्दा प्रदर्शन को बरकरार रखना चाहेगी जहां 12 साल बाद टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी। 

भारत ने 2016 में चीन को हराकर एशियाई चैम्पियंस ट्राफी जीती थी। इसके बाद 2017 में एशिया कप जीता। इस बार भारत 13 मई को जापान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगा। महिला टीम के साथ वापसी के बाद कोच शोर्ड मारिन का यह पहला टूर्नामेंट होगा। वह पिछले आठ महीने से पुरूष टीम के साथ थे लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों के बाद अब महिला टीम के कोच हरेंद्र सिंह को पुरूष टीम की बागडोर सौंपी गई है।

टीम:
गोलकीपर: सविता, स्वाति
डिफेंडर: दीपिका, सुनीता लाकड़ा ( कप्तान ), दीप ग्रेस इक्का, गुरजीत कौर, सुमन देवी
मिडफील्डर: मोनिका, नमिता टोप्पो, निक्की प्रधान, नेहा गोयल, लिलिमा मिंज, नवजोत कौर, उदिता       
फारवर्ड: वंदना कटारिया, लालरेम्सियामी, नवनीत कौर, अनुपा बारला।