Sports

नई दिल्ली : सरकार ने वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए खेल बजट में 214.20 करोड़ रुपए की वृद्धि करने की घोषणा की है। सरकार के इस फैसले से भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) और राष्ट्रीय खेल विकास कोष (एनएसडीएफ) को बड़ा फायदा होगा। केन्द्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में अंतरिम बजट प्रस्तुत करते हुए यह घोषणा की।

सरकार ने वित्तीय वर्ष 2018-2019 के 2002.72 करोड़ रुपए के बजट के मुकाबले वित्तीय वर्ष 2019-2020 के लिए 2216.92 करोड़ रुपए की घोषणा की है। इसके अलावा खिलाडिय़ों को दी जाने वाली पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। इसे पिछली बार के 316.93 करोड़ से बढ़ाकर 411 करोड़ रुपए कर दिया गया है।

वहीं, खेलो इंडिया राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत खेलों के विकास के लिए दी जाने वाली राशि को 50.31 करोड़ रुपए बढ़ाया गया है। अब यह 550 करोड़ रु. से बढ़कर 601 करोड़ रुपए हो गई है। सरकार ने राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसफ) के बजट को घटाने की घोषणा की है। पिछली बार के 245.13 करोड़ रुपए के मुकाबले इस बार एनएसएफ के लिए 245 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।