Sports

नई दिल्लीः  भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चहर के आगरा स्थित घर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। चोर रात में सामान लूटने आए थे, लेकिन दीपक की मां पुष्पा चहर ने बिना डरे उन्हें भगाने की कोशिश की। चोरी करने 6 लोग आए थे, जो अपने हथियारों सहित पुलिस के हत्थे चढ़ गए। 

दीपक का घर शाहगंज क्षेत्र की मानसरोवर कॉलोनी में है। घर में उनकी मां पुष्पा चहर रहती हैं। 11 अक्टूबर को वो घर में अकेली थीं। पति लोकेंद्र सिंह चहर दूसरे मकान पर गए थे। रात तकरीबन 10:30 बजे छह बदमाश घर में घुसने लगे। उन्होंने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। लेकिन दीपक की मां ने सही समय पर शोर मचा कर चोरों को भागने पर मजबूर कर दिया। इनमें से एक आरोपी रूपा उर्फ रूप किशोर को परिजनों ने पहचान लिया। 
Deepak Chahar, स्टार भारतीय क्रिकेटर के घर घुसे चोर

आरोपी किशोर से पूछताछ के बाद पुलिस ने राजकुमार, विजय कुशवाहा, दशरथ, दीन दयाल उर्फ दीना और राकेश को धर दबोचा। आरोपियों के पास से दो तमंचे, एक ऑटो, एक प्रोजेक्टर, दो प्रिंटर, चार सीपीयू, पांच मॉनिटर, तीन सिलेंडर, एक कुकर, एक मिक्सी, चार कंबल, सोने-चांदी के जेवरात और 3050 रुपए बरामद किए गए हैं। आरोपी दिन में रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम दिया करते थे। 

शाहगंज पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिन पर आईपीसी की धारा 412 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि इन पर कई मामले दर्ज हैं और पुलिस पहले से इनकी तलाश में जुटी थी।