Sports

कुआलालम्पुरः भारत के स्टार शटलर पीवी सिंधू और किदाम्बी श्रीकांत ने आज यहां 700,000 डालर ईनामी राशि के मलेशिया ओपन वल्र्ड टूर सुपर 750 टूर्नामेंट के शुरूआती दौर में विपरीत हालात में जीत दर्ज कर प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।  ओलंपिक रजत पदकधारी सिंधू ने महिला एकल के शुरूआती दौर में जापान की अया ओहोरी की कड़ी चुनौती को पस्त किया।  सिंधू ने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने के बाद पूर्ण फिटनेस हासिल करने की मुहिम के तहत उबेर कप फाइनल्स में नहीं खेलना ठीक समझा। उन्होंने शुरूआती दौर के मैच में दुनिया की 14वें नंबर की खिलाड़ी ओहोरी को 26-24 21-15 से शिकस्त दी।           

अब इस तीसरी वरीयता प्राप्त भारतीय का सामना मलेशिया की यिंग यिंग ली से होगा। पुरूष एकल वर्ग में श्रीकांत ने दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी डेनमार्क के जान जोर्गेनसन को 31 मिनट तक चले मुकाबले में 21-18 21-9 से शिकस्त दी। अब गुंटुर के इस 25 वर्षीय खिलाड़ी का सामना चीनी ताइपे के वांग जु वेई से होगा जिन्होंने शुरूआती दौर के मैच में सिंगापुर ओपन चैम्पियन बी साई प्रणीत को 21-12 21-7 से शिकस्त दी। पुरूष युगल में राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदकधारी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का अभियान ताकुतो इनोऊ और युकी कानेको की सातवीं वरीयता प्राप्त जापानी जोड़ी के खिलाफ 16-21 15-21 की हार के साथ थम गया।          

महिला एकल में सिंधू ने 8-6 की बढ़त बनायी हुई थी लेकिन ओहोरी ने वापसी करते हुए 12-10 से बढ़त बनाते हुए इसे एक समय 15-13 कर लिया था। लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने वापसी करते हुए इसे 19-17 के बाद 20-19 कर लिया। हालांकि वह तीन गेम प्वाइंट को अंक में तब्दील करने में असफल रही जिससे ओहोरी फिर 24-23 से आगे हो गई। पर सिंधू ने फिर संयम बरतते हुए 26-24 से इसे अपने नाम किया। दूसरे गेम में सिंधू 8-6 से आगे थी जिसके बाद दोनों 14-14 से बराबरी पर आई। पर भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद आराम से जीत दर्ज की।