Sports

सेंट लुइस, अमेरिका (निकलेश जैन)। सेंट लुइस चेस क्लब में खेले गए "क्लच चैस : चैंपियंस शोडाउन" रैपिड टूर्नामेंट में उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने अंतिम दिन ढाई अंक से पिछड़ने के बाद ज़बरदस्त वापसी की और खिताब जीत लिया। सिंदारोव ने 20.5 अंक बनाए। भारत के आर प्रज्ञानन्दा दो दिन तक बढ़त पर रहे, लेकिन अंत में 19 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अमेरिका के फबियानो करुआना 16.5 अंक के साथ तीसरे और हिकारु नाकामुरा 12 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। सिंदारोव को पुरस्कार राशि और बोनस मिलाकर 1,68,000 डॉलर मिले।

यह जीत 20 वर्षीय सिंदारोव के लिए बेहद अहम है, क्योंकि 24 नवंबर से जिनेवा में उनका मुकाबला भारत के विश्व चैंपियन डी गुकेश से विश्व खिताब के लिए होगा। विश्व चैंपियनशिप से पहले यह उनका आखिरी टूर्नामेंट था।

आखिरी दो राउंड में हाथ से फिसला खिताब

अंतिम दिन जीत पर 3 अंक और ड्रॉ पर केवल 1 अंक मिलना था। प्रज्ञानन्दा दिन की शुरुआत में सिंदारोव और करुआना से ढाई अंक आगे थे। पहले मिनी मैच में सिंदारोव ने प्रज्ञानन्दा से एक बाज़ी ड्रॉ खेली और दूसरी जीतकर बढ़त ले ली। इसके बाद प्रज्ञानन्दा ने नाकामुरा को दोनों बाज़ियों में हराकर 6 अंक जुटाए। पहली बाज़ी में नाकामुरा बेहतर स्थिति में थे, लेकिन प्रज्ञानन्दा ने धैर्य से खेलते हुए स्थिति बराबर की और फिर डी-फ़ाइल के बढ़ते प्यादे के दम पर 43 चालों में जीत दर्ज की। इसी दौरान सिंदारोव ने करुआना से एक जीत और एक ड्रॉ हासिल किया। अंतिम दो राउंड से पहले प्रज्ञानन्दा डेढ़ अंक से आगे थे।

पाँचवें राउंड में सिंदारोव ने काले मोहरों से किंग्स इंडियन डिफेंस में ऊँट और फिर दो बार हाथी की कुर्बानी देकर नाकामुरा पर शानदार जीत दर्ज की। सिंदारोव ने इसे "अपने जीवन की सबसे बेहतरीन किंग्स इंडियन बाज़ियों में से एक" बताया। उधर प्रज्ञानन्दा करुआना के खिलाफ लंबे समय तक एक प्यादा ज़्यादा लेकर खेले, लेकिन करुआना ने सटीक बचाव किया और 100 चालों के बाद बाज़ी ड्रॉ रही। इससे सिंदारोव आधे अंक की बढ़त पर आ गए।

अंतिम बाज़ी में प्रज्ञानन्दा को काले मोहरों से करुआना को हराना ज़रूरी था। उन्होंने स्लाव डिफेंस में स्टोनवॉल संरचना बनाकर जीत के लिए जोखिम उठाया, लेकिन 33वीं चाल पर हुई भूल से करुआना ने उनका वज़ीर फँसा लिया और बाज़ी जीत ली। सिंदारोव ने नाकामुरा से ड्रॉ खेलकर डेढ़ अंक के अंतर से खिताब अपने नाम किया।