Sports

नई दिल्ली : आस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर और दिल्ली कैपिटल्स के मौजूदा सहायक कोच शेन वाटसन ने मुंबई इंडियंस की इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) नीलामी में ईशान किशन पर 15 करोड़ रूपए की राशि खर्च करने के लिए आलोचना करते हुए कहा कि यह प्रतिभाशाली सलामी बल्लेबाज इतनी राशि में खरीदने लायक नहीं था। 

वाटसन ने साथ मुंबई इंडियंस की चोटिल जोफ्रा आर्चर को इतनी बड़ी राशि में खरीदने के लिए आलोचना की। मुंबई इंडियंस अभी तक पांच मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है जिसने किशन को खरीदने के लिए 15.25 करोड़ रूपए और आर्चर को खरीदने के लिए आठ करोड़ रूपए खर्च किए थे। आर्चर अभी भी कोहनी की चोट से उबर रहे हैं। पांच बार की चैम्पियन ने रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और कीरोन पोलार्ड को रिटेन किया था।

वाटसन ने कहा कि मुंबई इंडियंस तालिका में निचले स्थान पर है, मुझे इसमें कुछ हैरानी नहीं हो रही क्योंकि उन्होंने नीलामी में हैरानी भरे फैसले किए। ईशान किशन को खरीदने में इतनी सारी राशि खर्च करना। वह काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी है लेकिन वह इतनी सारी राशि खर्च करने लायक खिलाड़ी नहीं है। फिर जोफ्रा आर्चर के बारे में पता नहीं था कि वह खेलने आयेगा या नहीं। वह काफी समय से क्रिकेट नहीं खेला है। टीम के कुछ फैसले खराब रहे।