नई दिल्ली : जम्मू-कश्मीर में बीते दिन भारतीय सेना ने आतंक विरोधी अभियान के तहत 13 आतंकवादियों मार गिराया था। इन आतंकवादियों की मौत पर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को हमदर्दी जताना महंगा पड़ गया। दरअसल अफरीदी ने इस घटना को त्रासदी करार देते हुए ट्विट किया था। जिसमें उन्होंने लिखा था कि कश्मीर की मौजूदा स्थिति से वह बेचैन हैं। यही नहीं, अफरीदी ने संयुक्त राष्ट्र के साथ दूसरे अंतरराष्ट्रीय संगठनों पर भी सवाल खड़े किए हैं।
अफरीदी ने अपने ट्वीट में लिखा है- भारत अधिकृत कश्मीर (जम्मू-कश्मीर) की स्थिति बेचैन करने वाली और चिंताजनक है। यहां आत्मनिर्णय और आजादी की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी शासन द्वारा निर्दोषों को मार दिया जाता है। हैरान हूं कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठन कहां हैं? वे इस खूनी संघर्ष को रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं कर रहे?
इससे पहले भी अफरीदी ने ट्विट के जरिए ही कश्मीर का मुद्दा उठाया था। उन्होंने ट्विट में लिखा था कि कई दशकों से कश्मीर क्रूरता का शिकार हो रहा है। अब समय आ गया है कि इस मामले को सुलझाया जाए। कश्मीर धरती पर स्वर्ग है और हम मासूमों की पुकार को अनदेखा नहीं कर सकते।