Sports

लाहौर(पाकिस्तान): Pakistan national cricket team को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 2-0 से करारी हार का सामना करना पड़ा। लगातार दूसरी बार बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया। इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद टीम के मुख्य कोच Sarfaraz Ahmed खिलाड़ियों पर जमकर भड़के।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिलहट टेस्ट में 58 रन से हार के बाद सरफराज ने पूरी टीम मीटिंग में खिलाड़ियों की मानसिकता और व्यक्तिगत प्रदर्शन पर सवाल उठाए। टीम मैनेजर नवेद चीमा और सपोर्ट स्टाफ की मौजूदगी में कोच ने खिलाड़ियों को जमकर फटकार लगाई।

‘टीम के लिए खेलो, खुद के लिए नहीं’

सरफराज ने खासतौर पर बल्लेबाजों को निशाने पर लेते हुए कहा कि खिलाड़ी सिर्फ अपने आंकड़ों के लिए खेल रहे हैं, टीम के लिए नहीं। उन्होंने कहा, 'व्यक्तिगत प्रदर्शन अच्छा होना चाहिए, लेकिन उसका फायदा टीम को मिलना जरूरी है।' पूरी सीरीज में पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज 200 रन तक नहीं पहुंच सका। सिर्फ युवा डेब्यूटेंट अजान अवैस ही शतक लगाने में सफल रहे। कोच ने सीनियर खिलाड़ियों की जिम्मेदारी नहीं लेने पर भी नाराजगी जताई।

कप्तान शान मसूद की कप्तानी पर भी सवाल

रिपोर्ट के अनुसार सरफराज, कप्तान Shan Masood की कप्तानी से भी खुश नहीं हैं। उन्होंने मैदान पर फैसले लेने में हिचकिचाहट और DRS रिव्यू नहीं लेने जैसे मुद्दों पर नाराजगी जताई। दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने मुशफिकुर रहीम और लिटन दास के खिलाफ अहम रिव्यू नहीं लिया। उस समय लिटन दास 52 रन पर थे, लेकिन बाद में उन्होंने 126 रन की शानदार पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। बांग्लादेश ने 116/6 के मुश्किल स्कोर से वापसी करते हुए 278 रन बनाए।

पाकिस्तान टीम में हो सकते हैं बड़े बदलाव

सूत्रों के मुताबिक, सरफराज अहमद जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे तक मुख्य कोच बने रह सकते हैं। पाकिस्तान टीम को वहां दो टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसके बाद इंग्लैंड दौरा भी होना है। हालांकि कप्तान शान मसूद की कुर्सी खतरे में बताई जा रही है। उनकी कप्तानी में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट में 12 हार झेली हैं। ऐसे में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज आगा सलमान को नया टेस्ट कप्तान बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है।