Sports

जालन्धर : आईपीएल-11 के 11वें दिन बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जा रहे मैच दौरान राजस्थान के बल्लेबाज संजू सैमसन ने तूफानी पारी खेली। संजू ने महज 45 गेंद में 92 रन बनाए इसमें दो चौके और 10 छक्के शामिल थे। ऐसा कर उन्होंने एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में भारतीय स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। युवराज के नाम पर एक पारी में सर्वाधिक नौ छक्के लगाने का रिकॉर्ड था जो उन्होंने 2008 में दिल्ली के खिलाफ खेले गए मैच दौरान लगाए थे। युवराज ने तब महज 29 गेंद में 68 रन की पारी खेली थी। इसमें सिर्फ एक चौका और 9 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।

एडम गिलक्रिस्ट की भी बराबरी की
PunjabKesari
संजू सैमसन ने 10 छक्के मारकर डैक्कन चार्जर्स की ओर से 2008 के आईपीएल में खेलने वाले एडम गिलक्रिस्ट के रिकॉर्ड की भी बराबरी की। गिलक्रिस्ट ने मुंबई के खिलाफ डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए मैच दौरान महज 47 गेंद में 109 रन की पारी खेली थी। इसमें गिलक्रिस्ट ने नौ चौके और दस छक्के भी लगाए थे। संजू सैमसन अगर अपनी पारी में एक और छक्का लगा देते तो वह मुरली विजय, सनथ जयसूर्या और आंद्रे रसैल की बराबरी कर लेते जो एक पारी में 11-11 छक्के लगा चुके हैं।

क्रिस गेल है सबसे ऊपर, लगा चुके हैं 17 छक्के
PunjabKesari
आईपीएल में एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने की अगर बात हो तो सबसे पहले नाम क्रिस गेल का आएगा। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए क्रिस गेल ने पुणे वारियर्स के खिलाफ 17 छक्के मारे थे। महज 66 गेंद में 175 रन बनाने वाले गेल ने 13 चौके भी लगाए थे। तब उनका स्ट्राइक रेट भी 265.15 रहा था। गेल के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आईपीएल के शुरुआती मैच में ही 158 रन की पारी खेलने वाले ब्रैंडन मैक्कुलम का नाम आता है जिन्होंने तब 13 छक्के लगाए थे। ब्रैंडन के बाद एक फिर गेल (12 छक्के), एबी डीविलियर्स (12 छक्के) फिर से क्रिस गेल (12 छक्के) का नाम आता है।