Sports

नई दिल्लीः बाॅलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान और उनके पिता सलीम खान भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के काफी बड़े प्रशंसक है। इस बात का खुलासा खुद सलमान खान ने अपने शो दस का दम के दौरान किया। धोनी और सलमान को काफी बार एक साथ पार्टी में भी देखा गया है और ये आपस में अच्छे दोस्त भी हैं। माही इस समय अपने घर आराम कर रहे हैं तो वहीं सलमान शो को होस्ट कर रहे हैं। 

बीते दिन पहले शो के एक एपिसोड में सलमान ने भारतीय कप्तानों के बारे में एक सवाल किया। उन्होंने प्रतियोगी से पूछा, ''कितने प्रतिशत भारतीय मानते हैं कि कपिल देव, सौरव गांगली और विराट कोहली की तुलना में टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी हैं?'' इसके सवाल के बाद सलमान ने बताया कि वह खुद औऱ उनके पिता धोनी के बड़े फैन हैं। वह धोनी को इसलिए बहुत पसंद करते हैं क्योंकि वो काफी शांत व्यक्ति हैं।धोनी कभी अनोखे अंदाज में जश्न नहीं मनाते या मैदान की गरिमा को तोड़ते नहीं। सलमान पूरी तरह इस विकेटकीपर बल्लेबाज के फैन हैं। 

सलमान ने कहा, ''मेरे पिता का मानना है कि एमएस धोनी टीम इंडिया के अब तक के सबसे सफल कप्तान हैं। शांत दिमान, सकारात्मक ऊर्जा, कोई खराब जश्न नहीं मनाना। वह मैदान पर अपनी साख बरकरार रखते हैं। क्रिकेट जेंटलमैन गेम है और धोनी इसे बरकरार रखते हैं।'' पिछले साल धोनी को सलमान खान की बर्थडे पार्टी में शामिल होते हुए देखा गया था। धोनी अपनी टीम के साथी विराट और अनुष्का के रिसेप्शन के बाद सीधे सलमान से मिलने गए।