नई दिल्ली : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डुप्लेसी का मानना है कि SA20 की वजह से उनके देश के पास इतनी गहराई है कि वह भारत की तरह दूसरी या तीसरी श्रेणी की टीम मैदान में उतार सकता है। SA20 ने प्रतिभा पूल को बढ़ाने के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए दुनिया भर में अधिक मौके बनाने में भी मदद की है।
आईपीएल में प्रसारण का काम खत्म करके लौटने पर डुप्लेसी ने SA20 से कहा, 'भारत अपनी गहराई की वजह से दूसरी या तीसरी श्रेणी की टीम चुन सकता है और अब आप दक्षिण अफ्रीका के बारे में भी यही कह सकते हैं।' इस साल आईपीएल में 21 दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी शामिल हैं जिनमें से 17 को शुरू में रिटेंशन (टीम के साथ बरकरार रखना) या नीलामी के जरिए चुना गया था।
डुप्लेसी ने कहा कि इस घरेलू टी20 टूर्नामेंट ने फ्रेंचाइजी को देश के जाने-माने अंतरराष्ट्रीय नामों के अलावा भी प्रतिभाओं को पहचानने में मदद की है। उन्होंने कहा, 'लोग आखिरकार दक्षिण अफ्रीका में प्रतिभा पूल की गहराई को देख पा रहे हैं।' डुप्लेसी ने विश्व क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका की बढ़ती साख को हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन से भी जोड़ा जिसमें सीमित ओवरों के क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जीत शामिल है।