सेंट पीटर्सबर्गः रूस में फीफा वर्ल्ड कप का महाकुंभ शुरू हो चुका है। दुनिया की नजरें इस वक्त रूस पर टिकी हुई हैं। विश्वकप से रूस अपनी अपराधमुक्त छवि भी देश के सामने प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहा है। इसलिए रूसी सरकार ने मीडिया को सख्त आदेश दिया है कि वह 50 दिन तक अपराध से जुड़ी खबरें न दिखाए। आंतरिक मंत्रालय प्रेस सर्विस की ओर से कहा गया है कि पुलिस किसी अपराध को पकड़ने या मामला सुलझाने की खबर 25 जुलाई तक मीडिया को न दें। सिर्फ सकारात्मक खबर या सूचनाएं ही प्रकाशित की जाएं। माना जा रहा है कि इस आदेश के जरिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रूस की अपराध मुक्त छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं। रूसी मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक 6 जून के बाद से किसी अपराधी को पकड़ने और मामला सुलझाने की खबरें मीडिया में नहीं आईं। सेंट्रल फैडरल डिस्ट्रिक्ट के एक कर्नल ने भी बताया कि उन्हें अपराध से जुड़ी खबरें, खोजी अभियान और सुरक्षा इंतजामों के बारे में सूचनाएं नहीं देने का आदेश मिला है। बता दें कि रुस के राष्ट्रपति ने महिलाओं से कहा है कि वह बाहर से आए मेहमानों के साथ संबंध स्थापित कर सकती हैं। उन्होंने यह आदेश महिलाओं द्वारा किये जा रहे विरोध के बाद दिया था। दरअसल, 1980 में हुए विश्वकप के दौरान कई रूसी महिलाओं ने बाहर से आए खिलाड़ियों के साथ संबंध बनाए थे, जिसमें कई महिलाएं गर्भवती हो गईं और उन्हें बाद में नस्लीय भेदभाव का सामना करना पड़ा। वहीं व्लादिमीर ने LGBT पर कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।