Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : कोरोना वायरस के मामले सामने आने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 14 को स्थगित कर दिया गया है और इसे लेकर खिलाड़ियों में निराशा भी है। लेकिन आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के लिए आज का दिन काफी खास है। अपने बल्ले और कप्तानी से आईपीएल में सभी को प्रभावित करने वाले रोहित ने 12 साल पहले आज ही के दिन विकेटों की हैट्रिक लगाई थी और ऐसा करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी भी बने थे। 

साल 2009 में रोहित शर्मा के डेकेट चार्जर्स की तरफ से मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए ये कमाल किया था। वह 22 साल और 6 दिन में हैट्रिक लेकर आईपीएल में ऐसा करने वाले सबसे युवा गेंदबाज बन गए थे। इस दौरान उन्होंने अभिषेक नायर, हरभजन सिंह और जेपी डुमिनी को अपना शिकार बनाया था। रोहित का ये रिकाॅर्ड सैम कर्रन ने तोड़ा था और 20 साल 302 दिन की उम्र में विकेटों की हैट्रिक लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। 

IPL में हैट्रिक लेने के लिए सबसे कम उम्र के खिलाड़ी 

सैम कर्रन (20 वर्ष 302 दिन)
रोहित शर्मा (22 वर्ष 6 दिन) * 

गौर हो कि पिछली बार खिताब जीतने वाली मुंबई का इस बार प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। लेकिन टीम टाॅप चार में बनी हुई है। आईपीएल स्थगित होने से पहले मुंबई ने 7 मुकाबले खेले जिसमें से 4 में जीत दर्ज करते हुए 8 अंक हासिल किए। रोहित शर्मा के बल्लेबाजी प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 128.20 की स्ट्राइक रेट और 35.71 की औसत से अब तक 250 रन बनाए हैं जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 63 रहा है। इस दौरान उन्होंने 18 चौके और 11 छक्के लगाए हैं।