Sports

जालन्धर : इंदौर के होलकर स्टेडियम में किंग्स इलैवन पंजाब और मुंबई इंडियंस के बीच हुए रोमांचक मैच दौरान मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा का एक बार फिर से बल्ला गरजा। उन्होंने महज 15 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 24 रन तो बनाए ही साथ ही साथ ट्वंटी-20 क्रिकेट में छक्कों का तिहरा शतक भी पूरा कर लिया। अब रोहित के नाम पर 301 छक्के दर्ज हो गए हैं। रोहित ने यह रिकॉर्ड 279 मैचों में बनाया। ऐसा कर यह रिकॉर्ड दर्ज करने वाले वह पहले बल्लेबाज बन गए हैं। देखें उनका रिकॉर्ड-
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4
बांगलादेश के खिलाफ 10
इंगलैंड के खिलाफ 6
न्यूजीलैंड के खिलाफ 1
साऊथ अफ्रीका के खिलाफ 32
श्रीलंका के खिलाफ 10
यूएई के खिलाफ 3
यूएसए के खिलाफ 5
वैस्टइंडीज के खिलाफ 10
विभिन्न ट्वंटी-20 मैचों में 220 (छक्के)
कुल- 301
सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 में तीन वैस्टइंडीज के

ट्वंटी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पहले पांच स्थानों में तीन बल्लेबाज वैस्टइंडीज के हैं। इसमें सबसे टॉप पर क्रिस गेल 844 छक्कों के साथ टिके हुए हैं। उनके बाद वैस्टइंडीज के ही केरोन पोलार्ड 525 छक्कों के साथ बने हुए हैं। तीसरे नंबर पर ब्रैंडन मैक्कुलम (445) तो चौथे नंबर पर एक और वैस्टइंडीज खिलाड़ी ड्वेन स्मिथ (367) हैं। ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर शेन वॉटसन 357 छक्के लगाकर इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर है जबकि डेविड वार्नर 319 छक्कों के साथ छठे नंबर पर।

स्टोइनिस ने मारा आईपीएल-11 का 500वां छक्का
मैच दौरान किंग्स इलैवन पंजाब के बल्लेबाज मार्कोस स्टोइनिस ने जैसे ही अपनी पारी का पहला छक्का मारा, आईपीएल-11 में लगे छक्कों की संख्या 500 हो गई। बता दें कि इस सीजन में पंजाब के ही अश्विन ने चाहल की गेंद पर सीजन का 100वां छक्का मारा था। इसके बाद मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा ने एंडरसन को छक्का मार आईपीएल-11 के 200 छक्के पूरे किए थे। 300वां छक्का सूर्या कुमार ने कुलकर्णी को मारा था। जबकि 400वां छक्का ब्रैंडन मैक्कुलम ने पीयूष चावला को मारा था।